नोटबंदी के दौरान बुलियन कारोबारियों ने लगभग 650 करोड़ रुपये का काला धन सफेद कर दिया। आगरा, मथुरा के तीन बुलियन समूहों पर आयकर छापे के दूसरे दिन विभाग को इस तरह के कई दस्तावेज मिले हैं। केवल एक दिन में ही मथुरा के आरएस बुलियन ने 37 करोड़ की बिक्री दिखाई है। छापे के सदमे के चलते दो कारोबारियों की तबीयत खराब हो गई। आयकर अधिकारियों ने उन्हें नर्सिंग होम में भर्ती कराया। सर्च वाली जगहों पर विभाग ने पीओ (प्रोहिबिटरी आर्डर) लगा दिए हैं। अगले सप्ताह विभाग की टीमें फिर से जांच करने जाएंगी।
आयकर विभाग के छापे के दौरान बुलियन कारोबारी सुशील चौहान ने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद चिकित्सक को बुलाया गया और जांच के लिए हास्पिटल में भर्ती करा दिया गया। उनके साथ ही कचहरी घाट में निर्मल कुमार जैन ने ब्लड प्रेशर बढ़ने की शिकायत की, जिस पर उन्हें भी जांच के लिए नर्सिंग होम ले जाया गया। रात में हास्पिटल ले जाने के कारण आयकर अधिकारियों को दोनों के घर पर सर्च की कार्रवाई रोकनी पड़ी। यहां सुबह फिर से जांच की गई और बाद में पीओ लगा दिया गया।
5 नए परिसरों पर सर्वे की कार्रवाई
आयकर विभाग ने तीनों बुलियन समूहों पर मिले कागजातों के आधार पर शुक्रवार को पांच नए सराफा व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर सर्वे किया। इनमें से एक यमुना पार, कमला नगर, रामनगर में हैं। बुलियन कारोबार पर पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई एक साथ हुई है। 300 अधिकारी भी इसमें कम पड़ गए हैं। लगातार 40 घंटे से काम कर रहे अधिकारियों को कागजात ज्यादा मिले हैं। ऐसे में उनकी पड़ताल और आकलन में समय लगेगा। लिंक सर्वे के लिए भी अब अधिकारी कम हैं। ऐसे में रात में ही ज्यादातर ठिकानों से सर्वे और सर्च की कार्रवाई खत्म कर दी गई। सर्च वाली जगहों पर पीओ (प्रोहिबिटरी आर्डर) लगा दिया गया है, ताकि कोई छेड़छाड़ न की जा सके।
प्रतिष्ठान का ताला तोड़ खंगाले दस्तावेज
मंडी रामदास स्थित शौर्य एंड कंपनी व्हाइट मेटल के ताले तोड़कर आयकर विभाग ने दस्तावेजों की जांच की। 40 घंटे से ज्यादा समय से आयकर की जांच जारी है। गुरुवार सुबह से आरएस बुलियन के स्वामी नीरज अग्रवाल के घर और आफिस पर छापे की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को भी सर्वे टीम ने जगन्नाथपुरी स्थित अमित अग्रवाल उर्फ बंटीपुरी के आवास के अलावा कमला विहार निवासी विपिन गुडेरा और ब्रजवासी कांपलेक्स स्थित प्रतिष्ठान प्रशांत सिलवर पर सर्वे जारी रखा। इस दौरान टीम ने घर के किसी भी सदस्य को न तो बाहर आने दिया और न किसी से फोन पर बात करने की इजाजत दी। नीरज अग्रवाल ने मंडी रामदास में अपने बेटे शौर्य एंड कंपनी व्हाइट मेटल के नाम से फर्म खोली हुई है। टीम ने पुलिस की मौजूदगी में दुकान के ताले तोड़कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। यहां से कई दस्तावेज मिले हैं।