कासगंज। कसबा ढोलना क्षेत्र निवासी ब्लैक फंगस का शिकार हुई महिला की बुधवार को दिल्ली के एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। ग्राम खैरपुर निवासी महिला शिल्पा (55) के लगभग 25 दिन पहले सर्दी, बुखार, जुकाम होने पर परिजनों ने निजी अस्पताल में इलाज कराया। हालत में सुधार नहीं होने पर जांच कराई तो कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो गई। इसके बाद उनको 6 मई को दिल्ली के एम्स अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान उनकी आंख की रोशनी कम होने की शिकायत पर ब्लैक फंगस की जांच कराई गई। चिकित्सकों ने ब्लैक फंगस की पुष्टि कर दी। इसके बाद उसका ब्लैक फंगस का इलाज भी शुरू किया गया, लेकिन महिला को बचाया नहीं जा सका। मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीत्कार मच गया। महिला के रिश्तेदार अभिषेक ने बताया कि कोरोना के बाद ब्लैक फंगस हो गया था, महिला ने बुधवार की रात्रि उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।