भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया का सोमवार को बृज क्षेत्र कार्यालय जयपुर हाउस पर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने 51 किलो की फूलमाला पहनाई।
स्वागत से अभिभूत श्याम भदौरिया ने कहा, प्रदेश नेतृत्व ने मिशन 2017 के तहत आगरा जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर कमल खिलाने की जिम्मेदारी मुझे सौंपी है। सभी के सहयोग से वह इस काम को पूरा करेंगे। सांसद बाबूलाल ने कहा, मोदी सरकार ने गांव, गरीब और किसानों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। अगर उन योजनाओं का प्रचार जिला संगठन ने मिलकर किया तो यूपी में भाजपा की सरकार ही बनेगी।
बृजक्षेत्र अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि श्याम भदौरिया को संगठन चलाने का पुराना अनुभव है। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री रामप्रताप सिंह चौहान, विभाग संगठन मंत्री अतुल अवस्थी, योगेंद्र सिंह चौहान, पूर्व सांसद प्रभूदयाल कठेरिया, भानु प्रताप सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक राना, उदयभान सिंह, बलबीर सिंह कहरवार, केके भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
शिवहरे समाज के युवा राजनीति में आगे आएं
शिवहरे समाज एकता परिषद एवं शिवहरे वाणी प्रकाशन की ओर से सोमवार को मदिया कटरा स्थित होटल वैभव पैलेस में भाजपा के नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे का अभिनंदन किया गया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में भागीदारी करने का आह्वान किया।
उन्होंने समाज के युवाओं से बदलाव लाने के लिए राजनीति में भागीदारी बढ़ाने का अनुरोध किया। विनोदचंद गुप्ता एडवोकेट, भगवानस्वरूप शिवहरे, दयाशंकर शिवहरे, सुरेशचंद्र शिवहरे आदि ने भी विचार व्यक्त किए। मनोज शिवहरे, मुकुंद शिवहरे, अमित शिवहरे, विनय, प्रभात गुप्ता आदि मौजूद रहे। संचालन अरविंद गुप्ता ने किया। शिवहरे वाणी के संपादक सोम साहू ने धन्यवाद दिया।