बुधवार को होटल क्लार्कशीराज में कठेरिया ने पत्रकारों को बताया कि
उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। गुंडाराज
हावी है। थानों पर दलालों का कब्जा है। दिन-दहाड़े लूट, हत्या और बलात्कार
जैसी घटनाएं हो रही हैं। न व्यापारी सुरक्षित हैं और आम आदमी। बिगड़ती
कानून व्यवस्था को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन होगा। इसके लिए 18 मंडलों
के अलावा अन्य स्थानों से भी कार्यकर्ता जुलूस के रूप में वाल्मीकि वाटिका
तक पहुंचेंगे।
कठेरिया ने बताया कि उनकी तरफ से जुलूस सुबह दस बजे
भगवान टाकीज से प्रारंभ होगा। दीवानी चौराहा स्थित भारत माता मंदिर पर
रामबाग, एत्मादपुर, खंदौली आदि क्षेत्रों की टोलियां जुलूस में शामिल हो
जाएंगी। बाकी टोलियां भी जुलूस के बीच में शामिल होती रहेेंगी। सभी लगभग
पूर्वाह्न 11 बजे तक वाल्मीकि वाटिका पहुंच जाएंगे। यहां से एकजुट होकर
प्रदर्शन शुरू करेंगे। दोपहर दो बजे तक प्रदर्शन चलने की संभावना है।
प्रेसवार्ता के दौरान विधायक जगन प्रसाद गर्ग, विधायक योगेंद्र उपाध्याय,
ब्रजक्षेत्र कोषाध्यक्ष नवीन जैन, जिलाध्यक्ष अशोक राना, कार्यवाहक महानगर
अध्यक्ष गणेश चंद, अनिल चौधरी आदि मौजूद थे।
पार्टी के वालंटियर रहेंगे रोड पर
केंद्रीय
राज्यमंत्री डा. रामशंकर कठेरिया ने शहर के लोगों से अपील की कि अधिक से
अधिक संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल हों। उन्होंने कहा कि जुलूस में
शामिल न होने वाले लोग सुबह दस से दोपहर दो बजे तक एमजी रोड की तरफ न आएं।
हालांकि आपात स्थिति में एमजी रोड से गुजरने वाले लोगों की मदद के लिए
पार्टी के सौ वॉलंटियर मौजूद रहेंगे। जो एंबुलेंस आदि को जाम से निकालने
में मदद करेंगे।
अधिकारियों पर भारी पड़ेगा यह प्रदर्शन
केंद्रीय
राज्यमंत्री डा. रामशंकर कठेरिया ने कहा कि इस प्रदर्शन की धमक लखनऊ तक
गूंजेंगी। इसके सार्थक परिणाम आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर तो
दबाव पड़ेगा ही, कई स्थानीय अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है।
शैलेंद्र अग्रवाल मामले में हो सीबीआई जांच
भाजपा
का कहना है कि सपा सरकार में अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। दोषियों पर
कार्रवाई नहीं हो रही। कठेरिया ने कहा कि शैलेंद्र अग्रवाल का पुलिस
अधिकारियों के साथ मिलकर वसूली का खेल जनता के सामने आ चुका है। मगर, इस
मामले में सरकार दोषियों पर कार्रवाई नहीं कर पाई है। वहीं, शाहजहांपुर में
पत्रकार की हत्या के आरोप में भी दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई है। भाजपा
ने दोनों ही मामलों में सीबीआई जांच की मांग की है।
दो स्थानों पर पार्किंग
प्रदर्शन
में आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए दो स्थान निर्धारित किए गए हैं।
फतेहपुर सीकरी, किरावली, रुनकता की तरफ, एत्मादपुर, खंदौली आदि क्षेत्रों
से आने वाले कार्यकर्ता पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान पर अपने वाहन पार्क
करेंगे। वहीं, ताजगंज, शमसाबाद, फतेहाबाद, बाह आदि स्थानों से आने वाले
वाहन बैप्टिस्ट स्कूल पर अपने वाहन खड़ा करेंगे।