एटा में मंगलवार सुबह हुए एक हादसे में सांसद साक्षी महाराज बाल-बाल बच गए। तेज गति से आ रहे एक टैंकर ने उनकी कार में टक्कर मार दी। कार क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ अन्य लोगों को मामूली चोट भी लगी।
बता दें कि उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज का एटा में शिकोहाबाद रोड पर आश्रम है। मंगलवार को वे दिल्ली से अपनी कार में बैठकर एटा आए थे और अपने आश्रम जा रहे थे। ऐसे में जीटी रोड स्थित शिकोहाबाद तिराहे पर तेज गति से आ रहे एक टैंकर ने सांसद साक्षी की कार में टक्कर मार दी।
हादसा एक अन्य वाहन के बीच में आ जाने के कारण हुआ था। हादसे के बाद सांसद की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि उन्हें चोट नहीं आई है। कार में बैठे सांसद सहित 5 लोग बाल-बाल बच गए। कुछ को हल्की चोट है।