सांसद कृष्णपाल सिंह यादव का स्वागत करते अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के गुना-शिवपुरी से भाजपा सांसद कृष्णपाल सिंह यादव शनिवार को मथुरा के वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने ठाकुर बांकेबिहारी और इस्कॉन मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन किए। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में भाजपा सांसद कृष्णपाल सिंह यादव ने कहा कि 500 साल के कड़े संघर्ष के बाद भगवान श्रीराम शीघ्र अपने महल में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे, वहीं काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के बाद अब कोई संशय नहीं कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थान को अतिक्रमण मुक्त करवाया जाए।
भाजपा सांसद ने कहा कि संसद में सबसे पहले उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठाया था। श्रीकृष्ण जन्मभूमि को अतिक्रमण से मुक्ति के लिए जो लोग कार्य कर रहे हैं, उनसे कागजात व पुराने सुबूत एकत्रित कर रहा हूं, ताकि संसद में एक बार फिर इस मुद्दे को मजबूती से उठाएं।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए अदालत में अपना पक्ष रख रहे हैं। इनके पास जितने भी साक्ष्य मौजूद हैं, वह जन्मभूमि को मुक्त करवाने के लिए पर्याप्त हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि जल्द ही अदालत भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर विदेशी आक्रांताओं के अतिक्रमण को ध्वस्त कर सुंदर मंदिर बनाने का रास्ता प्रशस्त करेगी।