किसानों ने घेरा एमडी कार्यालय,
- फोटो : अमर उजाला
विद्युत चेकिंग के नाम पर उपभोक्ताओं के उत्पीड़न के विरोध में किसानों ने दक्षिणांचल कार्यालय पर हंगामा किया। बुधवार सुबह भाजपा नेता राजकुमार चाहर के नेतृत्व में किरावली तहसील के प्रकरणों को लेकर प्रदर्शन हुआ तो दोपहर में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने एमडी कार्यालय का घेराव किया।
राजकुमार चाहर ने बताया कि बिजली विभाग द्वारा कराए जा रहे मुकदमों से जिले की ग्रामीण जनता परेशान है। बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर संविदा कर्मियों के साथ बिजली बिल बकाया वसूली के नाम पर बिना नोटिस के उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट रहे हैं। ग्रामीणों पर बिजली चोरी के मुकदमेे दर्ज कराए जा रहे हैं। एमडी ने चीफ इंजीनियर को 10 दिन तक बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज न कराने और काटे गए कनेक्शन तुरंत जोड़ने के निर्देश दिए। शशांक चौधरी, जीडी चाहर, कुलदीप ठाकुर, नागेंद्र चाहर, हरिकिशन लोधी, पुष्पेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।
दोपहर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह चाहर के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने दक्षिणांचल आफिस का घेराव किया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की टीम डौकी क्षेत्र में एक महिला के घर में घुसकर महिला और उसकी बेटी से अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया। उन्होंने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराने और टनकपुर गांव की बिजली तुरंत जोड़ने की मंाग की। अधिकारियों के वार्ता के बाद किसान वहां से टले। शाम पांच बजे टनकपुर की बिजली जोड़ दी गई थी।