पुलिस ने भाजपा नेता को किया नजरबंद
- फोटो : अमर उजाला
छह दिसंबर को आगरा में श्रीराम शोभायात्रा निकालने का एलान करने वाले भाजपा नेता को नजरबंद कर दिया गया है। शोभायात्रा निकालने पहले पुलिस फोर्स भाजपा नेता के घर पहुंची और पहरा लगा दिया है। भाजपा नेता के साथ कई कार्यकर्ता भी नजरबंद किए गए हैं।
बाबरी विध्वंस की बरसी के मद्देजनर कर आगरा में धारा 144 लागू है। किसी भी तरह के रैली, जुलूस , धरना प्रदर्शन पर पाबंदी है। लेकिन भाजपा युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष गौरव राजावत ने छह दिसंबर को श्रीराम शोभायात्रा निकालने का एलान किया है।
गुरुवार सुबह उनके घर में भाजपा नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसकी भनक लगते ही पुलिस फोर्स गौरव राजावत के घर पहुंच गई। पुलिस ने भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया है। घर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात है।
भाजपा नेता को नजरबंद किए जाने की खबर मिलते ही तमाम पार्टी कार्यकर्ता घर पर पहुंच गए हैं। घर के अंदर भाजपा नेता नजरबंद है। कई पुलिस कर्मी उनके साथ वहां मौजूद है। पुलिस का कहना है किसी भी कीमत पर शोभायात्रा नहीं निकाले दी जाएगी।