प्रेसवार्ता करते राज्यसभा सांसद अरुण सिंह
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने कहा कि यह पहला चुनाव है, जिसमें प्रदेश सरकार और उसके मुख्यमंत्री पर एक रुपये का आरोप नहीं है। सपा और बसपा सरकारों में गुंडे और माफिया का बोलबाला था। कृष्णापुरी तिराहे स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि जिस तरह से सपा सरकार में दंगे और माफिया का बोलबाला था और गुंडागर्दी चरम पर थी। बसपा की मायावती सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा।
सांसद ने कहा कि भाजपा की योगी सरकार ने यूपी को देश के अन्य प्रांतों के विकास में अगली पंक्ति में लाकर खड़ा किया है। उनके राज में न तो यहां दंगे ही हुए और न ही भ्रष्टाचार का मामला अब तक के कार्यकाल में कोई भी मामला सामने नहीं आया है।
उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि सपा शासन में जहां कोसी में दंगा हुआ और एक वर्ग विशेष के लोगों को आजम खां के प्रभाव में राहत सामग्री पहुंचाई गई, वहीं बहुसंख्यकों की मदद करने वालों के खिलाफ अपराध पंजीकृत हुए। इसी तरह रामवृक्ष यादव ने जवाहर बाग को रणभूमि बना दिया, जिसमें तत्कालीन एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी और एक थाना प्रभारी संतोष सिंह की हत्या हुई। आज योगी सरकार ने इसे पार्क के रूप में विकसित किया है।