महापंचायत को लेकर भाजपा में छिड़ी ‘महाभारत’ का बृजक्षेत्र कार्यालय रविवार को ‘कुरुक्षेत्र’ बन गया। अनुशासित कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी करने का दंभ भरने वाली भाजपा के दो धड़े एक-दूसरे के खिलाफ आमने-सामने हैं। सांसद चौधरी बाबूलाल और जिला महामंत्री ऋषि उपाध्याय प्रकरण को लेकर तीन घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। प्रदेश महामंत्री के समक्ष दोनों ने एक-दूसरे पर संगठन को बर्बाद करने का आरोप लगाया। वहीं, बाबूलाल ने सैकड़ों समर्थकों के साथ जांच अधिकारी के समक्ष पहुंचकर अपना शक्ति प्रदर्शन भी किया।
बता दें कि शुक्रवार को जिला जेल के बाहर सांसद चौधरी बाबूलाल के समर्थकों ने जिला महामंत्री ऋषि उपाध्याय के साथ मारपीट कर दी थी। इस मामले में रविवार को प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री धर्मपाल जांच के लिए जयपुर हाउस स्थित बृजक्षेत्र कार्यालय पहुंचे। हालांकि प्रदेश सहप्रभारी सांसद रमेश बिधुड़ी को भी आना था, लेकिन वह किसी कारणवश नहीं आ सके। दोपहर लगभग ढाई बजे धर्मपाल ने सबसे पहले जिलाध्यक्ष अशोक राना को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया। उनके साथ महामंत्री प्रेमचंद कुशवाह, राणा प्रताप सिकरवार, रामकुमार शर्मा, अरुण पचौरी, सत्य प्रकाश लोधी भी ने भी अपने बयान दर्ज कराए। धर्मपाल जब वादी अशोक राना का पक्ष सुन रहे थे, इसी बीच सांसद चौधरी बाबूलाल अपने लगभग तीन-चार सौ समर्थकों के साथ कार्यालय पर पहुंच गए। बंद कमरे में अशोक राना का पक्ष सुनने के बाद प्रदेश महामंत्री ने बाबूलाल को बुलाया। उनके अलावा प्रदेश मंत्री रामप्रताप सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर कहरवार, बृजक्षेत्र उपाध्यक्ष महेश बघेल, प्रदीप भाटी, मधुसूदन शर्मा, हेमा परिहार, प्रशांत पौनिया, सोनू चौधरी से भी धर्मपाल ने इस मामले में बातचीत की। लगभग पौन तीन घंटे तक बंद कमरे में दोनों पक्षों और उनके समर्थकों का पक्ष सुनने के बाद धर्मपाल कार्यालय के हॉल में आ गए। यहां बाबूलाल के समर्थकों ने बाबूलाल जिंदाबाद के जमकर नारे लगाए। सूत्रों की मानें तो दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर संगठन विरोधी होने का आरोप लगाया है। वहीं, दोनों ने एक-दूसरे के साथ काम न कर पाने की बात भी कही है।
इनसेट
ऋषि उपाध्याय के घर पहुंचे धर्मपाल
प्रकरण के मुख्य वादी जिला महामंत्री ऋषि उपाध्याय अपना पक्ष रखने के लिए बृजक्षेत्र कार्यालय नहीं पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि ऋषि के परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका के चलते उन्हें बृजक्षेत्र कार्यालय नहीं जाने दिया। इस पर प्रदेश महामंत्री धर्मपाल कार्यालय पर सुनवाई करने के बाद खुद ही उनके घर पहुंच गए। उन्होंने वहीं पर जिला महामंत्री का पक्ष सुना।
टकराव की आशंका से बढ़ी रही धड़कन
कुरुक्षेत्र बने बृजक्षेत्र कार्यालय पर अशोक राना और सांसद समर्थकों के बीच टकराव की आशंका के चलते बृजक्षेत्र पदाधिकारियों के धड़कन बढ़ी रहीं। सुनवाई के बाद जब तक अशोक राना समर्थकों के साथ कार्यालय से चले नहीं गए तब तक पदाधिकारी बाहर ही चक्कर काटते रहे।
समर्थकों का सांसद के घर डेरा
बाबूलाल के समर्थकों ने रविवार सुबह से ही जयपुर हाउस स्थित उनके निवास पर डेरा डाल दिया था। लगभग पांच-छह सौ की संख्या में समर्थक पहुंच गए थे। जब तक बृजक्षेत्र कार्यालय पर सुनवाई पूरी नहीं हो गई तब तक वह वहीं जमे रहे। इनमें से तीन-चार सौ कार्यकर्ता तो कार्यालय भी पहुंचे थे।
वर्जन
दोनों पक्षों की बात सुन ली गई है। इसकी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपी जाएगी। फिलहाल मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कह सकता।
- धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री