बांकेबिहारी मंदिर के द्वार पर पहुंची भाजपा जिलाध्यक्ष (साड़ी में)
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा जिलाध्यक्ष ने ठाकुर बांकेबिहारी के चरण दर्शन किए या फिर वंचित रह गईं। इतना जरूर है कि अक्षय तृतीया पर ठाकुरजी के मंदिर के मुख्यद्वार तक जिलाध्यक्ष जरूर पहुंचीं। भाजपा जिलाध्यक्ष साल में एक बार ठाकुरजी की पूजा सामग्री देने मंदिर जाना तो स्वीकार रही हैं, वहीं पुलिस भी लॉकडाउन का पूरा पालन कराने का दावा कर रही है।
रविवार को अक्षय तृतीया का पर्व मनाया गया। साल में एक बार बांकेबिहारीजी के चरण दर्शन को भक्तों की भीड़ उमड़ती है, पर लॉकडाउन के चलते भक्त दर्शन से वंचित रह गए। भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा का जरूर मंदिर के मुख्यद्वार तक पहुंचने का वीडियो वायरल हुआ।
इस वीडियो में भाजपा जिलाध्यक्ष, उनके पति और सुरक्षा गार्ड साफ नजर आ रहे हैं। अब सवाल खड़ा होता है कि भाजपा जिलाध्यक्ष ने चरण दर्शन किए या फिर वंचित रह गईं।
इस बाबत जिलाध्यक्ष से पूछा गया तो उनका कहना है कि वह साल मेें एक बार ठाकुरजी की पूजा सामग्री देने बांकेबिहारी मंदिर आती हैं। उसी के तहत वह पूजा सामग्री देने आई थीं। लॉकडाउन के कारण मंदिर के पट बंद थे तो दर्शन कैसे होते। उधर, क्षेत्राधिकारी सदर रमेश तिवारी ने बताया कि बांकेबिहारी मंदिर पर लॉकडाउन का पालन कराया गया है। कोई भी चरण दर्शन के लिए अंदर नहीं गया।