फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी चुनाव 2027: भाजपा ने आगरा बुलाए राजस्थान, दिल्ली और गुजरात के विस्तारक, सौंपी गई ये बड़ी जिम्मेदारी

Fri, 27 Nov 2026 09:49 AM IST
Dhirendra Singh संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा

सार

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने आगरा की सभी विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक फीडबैक जुटाने के लिए राजस्थान, दिल्ली और गुजरात से विस्तारक भेजे हैं। ये विस्तारक मौजूदा विधायकों की कार्यशैली, कार्यकर्ताओं की नाराजगी और नए चेहरों की संभावनाओं को लेकर बूथ स्तर पर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।
विज्ञापन
भाजपा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने और जमीनी हकीकत परखने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने आगरा में संगठन स्तर पर बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी नेतृत्व ने बाहर के राज्यों राजस्थान, दिल्ली और गुजरात से अनुभवी विस्तारकों और महिला नेताओं की फौज को आगरा में उतार दिया है। ये विस्तारक शहर और देहात की सभी विधानसभाओं में डेरा डालकर संगठनात्मक बैठकों के साथ-साथ बूथ स्तर तक की नब्ज टटोल रहे हैं, ताकि शीर्ष नेतृत्व के सामने हर सीट की वास्तविक रिपोर्ट रखी जा सके।
विज्ञापन


अभियान के तहत विस्तारक केवल वर्तमान पदाधिकारियों की औपचारिक बैठकों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि वे नाराज और घर बैठे पुराने कार्यकर्ताओं से भी संपर्क साध रहे हैं। बूथ और मंडल स्तर पर जाकर आम जनता, प्रबुद्ध वर्ग और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया जा रहा है। इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य संगठन की खामियों को दूर करने के साथ-साथ प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र का गोपनीय फीडबैक तैयार करना है।

सियासी गलियारों में इस अभियान के कई मायने निकाले जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, विस्तारक हर विधानसभा क्षेत्र में मौजूदा विधायक की कार्यशैली, जनता के बीच उनकी सक्रियता और कार्यकर्ताओं से उनके व्यवहार का आकलन कर रहे हैं। इतना ही नहीं, मौजूदा विधायकों के अलावा संभावित नए चेहरों और मजबूत विकल्पों को लेकर भी कार्यकर्ताओं के मन की थाह ली जा रही है।
विज्ञापन


महिला मोर्चा की टोलियां कर रहीं संवाद
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए भाजपा महिला मोर्चा ने महानगर की चारों विधानसभाओं में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। महानगर अध्यक्ष अपूर्वा सिंह जादौन के नेतृत्व में मोर्चा की पूरी टीम को चार अलग-अलग टोलियों में बांटा गया है, जो राजस्थान और गुजरात से आईं विस्तारक बहनों के साथ मिलकर मंडल व बूथ स्तर पर बैठकें कर रही हैं। अभियान के तहत छावनी में भरतपुर की पूर्व सांसद रंजीता कोली, उत्तर में वलसाड की पूर्व मेयर सोनल बेन, एत्मादपुर में आनंद की पूर्व विधायक हंसा बेन और दक्षिण में अजमेर की जिलाध्यक्ष भारती श्रीवास्तव को कमान सौंपी गई है। ब्यूरो
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें