मैनपुरी की करहल विधानसभा से उपचुनाव में उतरे भाजपा प्रत्याशी अनुजेश यादव ने पहली बार सैफई परिवार पर हमला बोला। उन्होंने कहा ये परिवार किसी अन्य यादव को आगे नहीं बढ़ने देता है।
मैनपुरी की करहल विधानसभा से उपचुनाव के लिए प्रचार शुरू हो चुका है। भाजपा प्रत्याशी अनुजेश सिंह ने घिरोर में बैठक के दौरान सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीडीए की बात करने वाले अपना ही पीडीए चला रहे हैं। वे केवल सैफई, गाजियाबाद से लेकर आजमगढ़ तक है। यह अन्य किसी अच्छे यादव को बढ़ने नहीं देते हैं।
सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव कभी खुद तो कभी तेजप्रताप को लड़ाते रहेंगे। इनके लिए समाजवाद नहीं परिवारवाद ही विचारधारा है। इस दौरान चेयरमैन यतींद्र जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, उदय प्रताप चौहान जिलाध्यक्ष फिरोजाबाद, जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, पैक्सफेड चेयरमैन प्रेमसिंह शाक्य, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान मौजूद रहे।