फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जन्मदिन का केक काटकर मांगी सत्ता

Sat, 16 Jan 2016 02:08 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
कड़ाके की सर्दी में बसपा अध्यक्ष मायावती का जन्मदिन मनाने उमड़े हजारों कार्यकर्ता
विज्ञापन

केक और लड्डू खिलाकर बसपा नेताओं ने जिले में नौ विधायकों का रिटर्न गिफ्ट मांगा
हर विधानसभा के 20 गरीबों को दिए गए कंबल और कैश, भीड़ ने भरा पार्टी में जोश
कड़ाके की सर्दी और बर्फीली हवा, लेकिन बसपा के कार्यकर्ता नीला झंडा थामकर जीआईसी मैदान पर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का 60वां जन्मदिन मनाने जोश और उल्लास के साथ पहुंचे। नेता के जन्मदिन की खुशी में पार्टी नेताओं ने मंच पर केक काटा और कार्यकर्ताओं को यही केक और लड्डू खिलाकर रिटर्न गिफ्ट के तौर पर साल 2017 में प्रदेश की सत्ता मांगी। छह विधायकों को जिताने वाले आगरा के कार्यकर्ताओं से बसपा ने इस बार नौ विधायक मांगे और पांचवीं बार मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान कर चुनावी जंग की शुरुआत कर दी।
ढोल नगाड़ों के साथ शहर की सड़काें से बसपा के कार्यकर्ता नीले झंडे लेकर जीआईसी मैदान पहुंचे। 2017 में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ताओं को पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का लाइव संबोधन बड़ी स्क्रीन लगाकर सुनवाया गया। मुख्य अतिथि जोन कोआर्डिनेटर सुनील कुमार चित्तौड़ ने पार्टी के विधायकों, पूर्व सांसद और विधायकों के साथ केक काटकर बसपा अध्यक्ष मायावती का जन्मदिन मनाया। उन्होंने कहा कि अगले साल चुनाव हैं। भाजपा-सपा के लोग भ्रमित करने आएंगे, लेकिन सरकार आपको बसपा की बनानी होगी। शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा का नारा देते हुए चित्तौड़ ने बसपा को जिले की सभी नौ सीटों पर जिताने का आह्वान किया।
विज्ञापन

मंच पर बसपा विधायक डा. धर्मपाल सिंह, गुटियारी लाल दुवेश, भगवान सिंह कुशवाह, सूरजपाल सिंह, कालीचरन सुमन, एमएलसी वीरू सुमन, पूर्व मंत्री नरायन सिंह, पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय, जोन कोआर्डिनेटर गया प्रसाद कुशवाह, मंडल कोआर्डिनेटर आजाद सिंह, जिलाध्यक्ष मलखान सिंह व्यास, ज्ञानेंद्र गौतम, बरकत अली, उमेश सैंथिया, मधुसूदन शर्मा, गंगाधर कुशवाह, करतार सिंह भारतीय, धर्मेंद्र सोनी, देवेंद्र चिल्लू, हेमेंद्र मौर्य रहे।
गौतम और बरकत के साथ पहुंची भीड़
जीआईसी मैदान पर लोगों का जो हुजूम पहुंचा, उसमें पार्टी के प्रत्याशियों की मेहनत रही। बसपा के पांच विधायक हैं, लेकिन चार सीटों पर उसने संभावित प्रत्याशियों को मंच पर जगह दी। इनमें उत्तर से ज्ञानेंद्र गौतम, दक्षिण से बरकत अली, फतेहाबाद से उमेश सैंथिया और बाह से मधुसूदन शर्मा रहे। शहर से ज्ञानेंद्र गौतम और बरकत अली के साथ भारी संख्या में लोग ढोल नगाड़ों को साथ लेकर दो पहिया और बसों में सवार होकर पहुंचे। जोशीले नारों के साथ कार्यकर्ता अपने विधानसभा का नाम पुकारने पर शोर मचाने लगते। जीआईसी मैदान के अंदर और बाहर भी इन दोनों के होर्डिंग ही ज्यादा नजर आए।
फाइबर के हाथी संग सेल्फी
मैदान पर फाइबर के तीन हाथी भी लाए गए, जिनमें से दो मंच के सामने और एक मंच के बायीं ओर रखा गया। कार्यकर्ता इसके सामने सेल्फी लेते हुए दिखाई दिए तो वहीं कुछ इन पर चढ़कर फोटो खिंचवाने का प्रयास करते रहे।
विज्ञापन

बसपा नेता ये बोले
सपा सरकार एयरपोर्ट, स्टेडियम, पीजीआई समेत सभी सुविधाएं सैफई ले जाना चाहती है। किसान ओले, सूखे से परेशान हैं। उनकी चिंता नहीं। अगले साल बसपा की सरकार बनाइए।
- डा. धर्मपाल सिंह, विधायक
दिल्ली, बिहार ने भाजपा को आईसीयू में ला दिया, उत्तर प्रदेश में वह 2017 में वेंटिलेटर पर आ जाएगी।
- गुटियारी लाल दुवेश, विधायक
गली, मोहल्लों, दुकानों पर बसपा की सरकार आने की चर्चाएं हैं। अब लड़ाई की तैयारी कर लो, बहनजी को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाना है।
- भगवान सिंह कुशवाह, विधायक
पहली बार ऐसा उल्लास, उत्साह देखा है। हम छह नहीं, नौ सीटें जीतेंगे। आगरा के साथ पूरे यूपी में बसपा कार्यकर्ताओं में ऐसा ही जोश है
- सूरज पाल सिंह, विधायक
जन्मदिन पर प्रतिज्ञा लेकर जाना कि बसपा की सरकार बनानी है। हर दिन हत्या, लूट, अपहरण वाली सरकार से मुक्ति पाने का वक्त आ रहा है।
- कालीचरन सुमन, विधायक
सैफई में महोत्सव, लेकिन किसान मर रहे हैं। अच्छे दिन न सपा ला पाई न भाजपा। अकेले ही मजे ले रहे हैं। अब सरकार बसपा बनाएगी।
- नरायन सिंह, पूर्व मंत्री
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें