मैनपुरी। प्रदेश के कुछ जिलों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद अब सख्ती और बढ़ा दी गई है। इसके लिए प्रदेश के बाहर से लाए जाने वाले पक्षियों पर शासन ने रोक लगा दी है। आदेश आने के बाद जिला प्रशासन ने भी मैनपुरी की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी है।
हरियाणा समेत अन्य पड़ोसी राज्यों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद उत्तर प्रदेेश में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। शासन ने आदेश जारी किया है कि प्रदेश में बाहर से लाए जाने वाले सभी प्रकार के पक्षियों को रोक दिया जाए। आदेश आने के बाद जिला प्रशासन ने जिले की सीमाओं पर सतर्कता बढ़ा दी है।
पत्र आने के बाद पशुपालन विभाग ने पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे पॉल्ट्री फार्म में आने वाले पक्षियों को लाने के बारे में जानकारी रखें। साथ ही सभी संचालकों को निर्देशित करें कि वे कहीं से भी पक्षी न लाएं। वहीं प्रशासन की ओर से संबंधित थानों को भी चेकिंग के दौरान इस पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया है। यदि कहीं भी प्रदेश के बाहर से पक्षी लाए जाने का मामला सामने आता है तो तत्काल मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को अवगत कराएं।
वर्जन
शासन के आदेश पर बर्ड फ्लू को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। प्रदेश के बाहर से पक्षी न लाए जाने के आदेश को भी पशु चिकित्साधिकारियों को भेज दिया गया है।
डॉ. पीके शर्मा, सीवीओ।