कासगंज। कानपुर के जू में बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद जहां एक ओर जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है वहीं अब हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। मुर्गा, मुर्गी और अंडे के आयात पर जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है। डीएम ने पशु चिकित्सा विभाग को आदेश कर कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए है।
कानपुर के प्राणि उद्यान में मृत पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद कासगंज में हाई अलर्ट है। जिलेभर के पोल्ट्री फार्मों पर पशु चिकित्सा विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। इधर डीएम सीपी सिंह ने फ्लू की आशंका के मद्देनजर जिले में मुर्गा, मुर्गी और अंडे के आयात पर रोक लगाई है। कासगंज बॉर्डर से पोल्ट्री उत्पाद और मुर्गा, मुर्गी के प्रवेश पर अंतिम आदेशों तक प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा जिले में जो भी पोल्ट्री फार्म हैं उन पर रेपिड रिस्पोंस टीमों की जिम्मेदारी बढ़ा दी है।
पुलिस और विकास विभाग को भी जिम्मेदारी
वन एवं पशुपालन विभाग के अलावा बर्ड फ्लू को रोकने की जिम्मेदारी पुलिस और विकास विभाग को भी सौंपी गई है। डीएम ने एसपी को इस आशय से पत्र लिखा है कि जिले की सभी सीमाओं पर स्थित चैक पोस्टों पर कड़ी चेकिंग कराएं। इसके अलावा सीडीओ को पत्र लिखकर प्रतिदिन पर्यवेक्षण के निर्देश दिए हैं।