फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अजब हाल: ताजमहल में न पानी का कनेक्शन न सीवर का, फिर भी बिल भेज दिया 1.95 करोड़ रुपये

Mon, 19 Dec 2022 10:15 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

देश में पहली बार किसी स्मारक को पानी, सीवर और गृहकर का नोटिस भेजा गया है। जबकि एएसआई और नगर निगम एक्ट में गृहकर से स्मारक मुक्त हैं। किसी स्मारक में पानी, सीवर के कनेक्शन नहीं हैं। 
विज्ञापन
ताजमहल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा नगर निगम और जलकल कर्मचारियों की अंधेरगर्दी और मनमानी की यह मिसाल है कि दुनिया के सातवें अजूबे ताजमहल में जलकल विभाग का पानी का कनेक्शन नहीं है और न ही सीवर का, लेकिन 1,95,74,828 रुपये का बिल जलकल विभाग ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को जारी किया है। ताजमहल परिसर के नाम पर जारी किए गए बिल में ताजमहल 13 बिल भी बताए गए हैं, लेकिन इनमें सभी के पते अलग अलग हैं। 

विज्ञापन


हैरतअंगेज पहलू ये है कि ताजमहल समेत देश के सभी स्मारक नगर पालिका एक्ट में गृहकर से मुक्त किए गए हैं और ताज समेत किसी भी स्मारक में पानी और सीवर का कोई कनेक्शन ही नहीं है। पहली बार गृहकर और जलकर के नोटिस पुरातत्व विभाग के नाम पर भेजे गए हैं।

गृहकर से मुक्त है ताजमहल 

नगर निगम के ताजगंज जोन ने एएसआई को ताजमहल के गृहकर के रूप में 1.45 लाख रुपये जमा कराने का नोटिस भेजा तो उससे आगे जलकल विभाग के कर्मचारी निकल गए। जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता मुख्यालय ने जलकर, जलमूल्य और सीवर कर के रूप में 1.95 करोड़ रुपये का बिल भेजा है। इसमें पुराना बकाया बिल 1.61 करोड़ रुपये का है, जबकि 13 जगह ताजमहल के नाम पर इसमें जोड़ दी गई हैं। ताजमहल राष्ट्रीय धरोहर है और इसकी तरह देश भर के स्मारक गृहकर से छूट प्राप्त हैं। 

विज्ञापन

फ्लैट मालिक को करा चुके गिरफ्तार

दुनिया के सातवें अजूबे ताजमहल को बिना पानी, सीवर के कनेक्शन के बिल भेजने वाले जलकल के कर्मचारी, अधिकारी इससे पहले बालूगंज के फ्लैट मालिक को बकाया वसूली में गिरफ्तार करा चुके हैं, जबकि प्रापर्टी उसके नाम पर ही नहीं थी। एएसआई के अधिकारियों ने गृहकर और जलकर के नोटिस के बाद यही चिंता जताई है कि जब नियमावली में स्मारकों को टैक्स से छूट दी गई है तो ताजमहल के नाम  पर अचानक बिल कंप्यूटर से जनरेट ही कैसे किया गया। इसमें जो ताजगंज के पते जोड़े गए हैं, वहां क्या है और कितने साल का टैक्स बताया गया है, यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है।

पहली बार भेजा गया नोटिस 

अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि ताजमहल में न पानी का कनेक्शन है और न ही सीवर का, फिर ये बिल कैसे भेजा गया। पहली बार हमें नोटिस भेजा गया है। देश में किसी स्मारक पर ऐसा नहीं हुआ है, इसलिए हमारे पास ऐसा कोई बजट भी जारी नहीं होता। गृहकर से सभी स्मारक पहले ही मुक्त किए गए हैं, फिर ये नोटिस किस वजह से भेजे गए, यह संबंधित विभाग जांच करें। 

जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि मैंने 10 दिन पहले ही प्रभार संभाला है, इसलिए मुझे ताजमहल पर पानी, सीवर के नोटिस की जानकारी नहीं है। इन नोटिसों को देखने के बाद ही बता सकूंगा।

सहायक नगर आयुक्त सरिता सिंह ने बताया कि ताजमहल टैक्स से मुक्त है, लेकिन ताजमहल के अंदर ऑफिस भी चलाया जा रहा है, जहां से टिकटों की बिक्री करके आय की जा रही है, उस पर सर्विस टैक्स के रूप में देनदारी बनती है। फिर भी यह नोटिस रिसीव नहीं कराया गया है। इसकी जांच कराई जा रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें