आगरा। थाना सदर के राजपुर चुंगी क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने बुधवार को उत्पात मचाया। वह राहगीरों को रोककर जबरन उनके सामान चेक कर रहे थे। भीड़ जुटने पर भाग गए।
आरोपी युवकों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो युवक काले रंग की बाइक पर थे। वह तेज रफ्तार में इधर-उधर चक्कर काट रहे थे। उन्होंने गोल मार्केट में एक स्कूटर सवार को रोक लिया। उसकी चाबी छीन ली। डिगी खुलवाकर चेक करने लगे। स्कूटी चालक सहम गया। लोगों के जुटते ही आरोपी भाग गए।
इसके बाद आरोपियों ने आगे जाकर टक्कर रोड के पास एक बाइक रोक ली। बाइक सवार से अभद्रता करने लगे। लोगों ने पुलिस को सूचना देने की बात कही तो मौके से भाग गए। लोगों का कहना है कि दोनों युवक बाहर के लग रहे थे। उनकी हरकतों से लग रहा था कि वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सदर थाना प्रभारी का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है।