जिस ट्रक का शीशा तोड़ा वह अपने गांव कुकथला जा रहा था
अछनेरा। रायभा गांव के समीप ट्रेलर की टक्कर लगने से बिचपुरी के रहने वाले बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए एक ट्रक का शीशा तोड़ दिया।
हादसा गांव रायभा में रविवार शाम करीब 5 बजे हुआ। बिचपुरी निवासी आनंद पुत्र प्रेमचंद बाइक से बिचपुरी जा रहा था। रायभा में परमार मार्केट के पास एक ट्रेलर ने उसे राैंद दिया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और जाम लगाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव से होकर लगातार भारी वाहन गुजर रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। इससे पहले भी नगला लालदास निवासी एक युवक की इसी तरह दुर्घटना में मौत हो चुकी है, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान पुलिस ने भारी वाहनों पर रोक लगाने का आश्वासन दिया था, लेकिन कुछ ही दिनों में हालात फिर जस के तस हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव से गुजर रहे एक ट्रक को रोककर उसका शीशा तोड़ दिया। लोगों का कहना है कि बाहरी वाहन चालक दक्षिणी बाईपास और रायभा टोल से बचने के लिए गांव के रास्ते का उपयोग कर रहे हैं, जिससे खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीण बिल्लू सिकरवार ने चेतावनी दी है कि यदि गांव में भारी वाहनों का आवागमन जल्द नहीं रोका गया तो प्रशासन के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।