हड़ताल के 26 वें दिन सराफा व्यापारियों ने रविवार को बाइक रैली निकालकर मदिया कटरा स्थित आवास पर भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग और योगेंद्र उपाध्याय का घेराव किया। व्यवसायियों की मांग थी कि वित्तमंत्री पर दबाव बनाकर एक्साइज को वापस करवाएं।
श्री सराफा कमेटी ने नेतृत्व में सराफा कारोबारियों का आंदोलन रविवार को भी जारी है। रविवार को आंदोलनकारियों ने एमजी रोड स्थित दीनदयाल आनंद कुमार सराफ के शोरूम के बाहर धरना दिया। दोपहर दो बजे एमजी रोड से सराफा कारोबारियों ने बाइक और वाहन रैली निकाली। व्यवसायी संजय प्लेस, हरीपर्वत, दिल्ली गेट होते हुए मदिया कटरा में भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग के आवास पर पहुंचे। यहां भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय भी मौैजूद थे। व्यावसायियों ने दोनों नेताओं से काला कानून वापस लिए जाने की मांग की। इस मौके पर व्यापारियों ने भाजपा के खिलाफ भी नारेबाजी की। जगन प्रसाद ने कहा कि वे पहले व्यापारी हैं। इसलिए व्यापारियों के साथ हैं। योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि वित्त मंत्री आपकी पीड़ा जरूर सुनेंगे। इस मौके पर सुधीर बंसल, सुनील वर्मा, मुकेश अग्रवाल, संजय डॉन, मुरारीलाल फतेहपुरिया, राजेश पायलट, आनंद अग्रवाल, धन कुमार जैन, पवन दौनेरिया, दिनेशचंद गर्ग, राहुल खेरली, देवेंद्र गोयल, बंशीलाल, देवेंद्र दौनेरिया आदि मौजूद रहे। सोमवार को दीनदयाल आनंद कुमार शोरूम के सामने धरना देंगे।