ताजिया की तैयारी कर लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक हादसे का शिकार, खंदक में पलटने से एक की मौत, दो
पिनाहट। थाना बसई अरेला क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-बाह मार्ग पर शनिवार शाम गांव नगला भरी के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। बाइक सवार तीन दोस्तों में से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मध्य प्रदेश के जिला भिंड के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र निवासी अखिलेश पुत्र बृजकिशोर रायकवार(27), शान पुत्र याकूब 20 मोहल्ला बर्डर राज बाली और सूरज उर्फ़ राज पुत्र दिनेश राठौर (18) आगामी ताजिया पर्व की तैयारियों को लेकर आगरा से लाइट डेकोरेशन का सामान खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। तीनों युवक लाइट डेकोरेशन का कार्य करते हैं। बताया गया कि थाना बसई अरेला क्षेत्र के गांव नगला भरी के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर खंदक में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों नेसूरज उर्फ़ राज को मृत घोषित कर दिया। वहीं अखिलेश और शान का उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार अधिक थी, जिसके चलते चालक नियंत्रण नहीं रख सका। अगर युवक हेलमेट लगाए होते तो शायद उनकी जान बच सकती थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।