ससुराल से लौटकर ड्यूटी जा रहे युवक की बाइक खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली में जा घुसी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिरोजाबाद के पचोखरा थाना क्षेत्र के पचोखरा-बछगांव मार्ग पर गांव गालिम के पास सोमवार देर शाम ससुराल से ड्यूटी आगरा जाते बाइक सवार की खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में घुसने से मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा।
विज्ञापन
गांव तान गढ़ी मुड़ी चौराहा थाना खंदौली निवासी मनीष बघेल (24) अपनी ससुराल नगला सूरज से सोमवार देर शाम को भंडारा की दावत खाकर निकला था। वह कालिंदी बिहार कॉलोनी आगरा सीएनजी पेट्रोल पर ड्यूटी करने जा रहा था, तभी उसकी बाइक पचोखरा-बछगांव मार्ग पर गांव गालिम के पास पहुंचते ही खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। इससे वह बाइक से छिटककर दूर जाकर गिर गया।
हादसा होते ही राहगीरों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने सूचना इलाका पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल युवक को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा। वहीं, परिजनों को जानकारी दी। चिकित्सकों ने प्रारंभिक परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। महिलाओं में चीख- पुकार मच गई। वह चार भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। बेटा वेदांत के सिर से पिता का साया उठ गया।
विज्ञापन
वहीं, पत्नी सुनीता देवी का रो- रोकर बुरा हाल था। बाबा पप्पू सिंह ने बताया कि वह अपनी ससुराल से भंडारा की दावत खाकर ड्यूटी पर जा रहा था। थानाध्यक्ष अमित तोमर ने बताया कि खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में बाइक पीछे से घुस गई थी। युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।