डौकी क्षेत्र में हादसे में क्षतिग्रस्त कार, व टक्कर लगने के बाद बाइक में लगी आग
फतेहाबाद। थाना डौकी के क्षेत्र के नगला बेहड गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर सोमवार की रात कार व बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक में आग लगी गई। हादसे में बाइक सवार एक किशोर की मौत मौके पर ही हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक हादसा सोमवार की रात 9:15 पर हुआ। टक्कर से बाइक में आग लग गई, जिससे बाइक पूरी तरह जल गई। टक्कर से बाइक सवार तीनों लोग काफी दूर-दूर जाकर गिरे। हादसे में बाइक सवार जिला फिरोजाबाद के थाना बसई मोहम्मदपुर गांव नसीलपुर निवासी श्याम बाबू (14) की मौत मौके पर ही हो गई जबकि साथी उपेंद्र सहित दो लोग घायल हो गए। वहीं, कार सवार कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक डौकी ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।