आगरा के फतेहपुर सीकरी में बाजरा बेचकर लौट रहे ओलेंडा निवासी किसान सुरेंद्र गहलोत को दो बाइक सवारों ने कस्बे तक छोड़ने का झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि रास्ते में उसकी जेब काटकर 34,160 रुपये निकाल लिए और उसे बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।
आगरा के फतेहपुर सीकरी में सोमवार दोपहर एक किसान से लूटपाट की घटना सामने आई है। ग्राम ओलेंडा निवासी किसान सुरेंद्र गहलोत पुत्र प्रेम सिंह ने हाईवे स्थित मंडी परिसर में अपनी बाजरा की फसल 34,160 रुपये में बेची थी। नगदी को पेट की अंदर वाली जेब में रखकर वह बाईपास मोड़ तिराहे पर कस्बे जाने के लिए खड़ा हो गया। इसी दौरान दो बाइक सवारों ने उसे कस्बे ले जाने की बात कहकर अपने बीच में बैठा लिया।
बाइक सवारों ने बाइक को किरावली की ओर मोड़ दिया और रास्ते में किसान की जेब काटकर रुपये निकाल लिए। इसके बाद उन्होंने किसान को बीच रास्ते में उतारकर फरार हो गए। पीड़ित किसान ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस टीम गठित कर घटना स्थल का मुआयना किया और मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
विज्ञापन
इस मामले में एसीपी खेरागढ़ ने बताया है कि घटना की जानकारी मिली है और टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।