मैनपुरी। अधीक्षण अभियंता शनिवार को शहर में जांच करने निकले। उन्होंने सबसे पहले बिजली चेकिंग अभियान का निरीक्षण किया। इसके बाद करहल रोड स्थित विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। साथ ही सहायक अभियंता मीटर और बिलिंग एजेंसी के साथ भी बैठक की।
सबसे पहले अधीक्षण अभियंता विद्युत रवि कुमार अग्रवाल शहर में चलाए जा रहे विच्छेदन अभियान में पहुंचे। विजिलेंस के प्रवर्तन दल के साथ उन्होंने मोहल्ला गाड़ीवान में घर-घर जाकर चेकिंग की। लोगों से उन्होंने समय से बिजली बिल जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तीन हजार से अधिक की बकाएदारी पर कनेक्शन काट दिया जाएगा।
इसमें कोई शिथिलता नहीं की जाएगी। इसके बाद वे हाई लाइनलॉस वाले करहल रोड स्थित विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे। यहां बिजली आपूर्ति, कटौती और वसूली की समीक्षा के साथ ही विद्युत उपकरण भी देखे। उन्होंने अवर अभियंता को बकाया वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अंत में पॉवर हाउस में सहायक अभियंता मीटर उपेंद्र राज और बिलिंग एजेंसी के कर्मचारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि बिलिंग के दौरान विशेष ध्यान रखा जाए। कहीं भी गलत बिलिंग नहीं की जानी चाहिए। अगर कहीं गलत बिलिंग या मीटर में गड़बड़ी के मामले सामने आए तो बिलिंग कंपनी भी जिम्मेदार होगी।