विद्युत टीम से अभद्रता, छह के खिलाफ तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। मेहरी गांव में मंगलवार शाम को विद्युत टीम बकाएदारों के कनेक्शन काटने गई। इस दौरान ग्रामीणों ने टीम के साथ अभद्रता की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश की। पर, वे वे भाग निकले। मामले में छह ग्रामीणों के विरुद्ध टीम ने पुलिस में तहरीर दी है।
एक मुश्त समाधान योजना के अंतर्गत विद्युत विभाग द्वारा गांव मेहरी में विद्युत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिन उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं किए उनके कनेक्शन काटे जाने के निर्देश दिए गए। गांव में जब टीम ने बकाएदारों के कनेक्शन काटना शुरू किया तभी ग्रामीणों ने विद्युत कर्मियों औजार छीन लिए, अभद्रता की। मामले में विद्युतकर्मी टीजी-2 वीरेन्द्र सिंह ने छह लोगों के विरुद्ध पुलिस में तहरीर दी है। नगला गिरधारी फीडर के जेई विद्युत मनी सिंह ने बताया कि कैंप की सूचना ग्राम प्रधान सुबोध कुमार व गांव वासियों को एक दिन पूर्व ही दे दी गई थी। बिल न जमा करने पर लोगों के कनेक्शन काटे तो ग्रामवासियों ने विद्युत निगम की टीम के साथ अभद्रता की। आरोपी ग्रामीणों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। थाना प्रभारी राजेश कुमार पांडेय का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।