एटा में मलावन स्थित जवाहर तापीय परियोजना में शुक्रवार दोपहर हादसा हो गया। चिमनी निर्माण में लगे मजदूरों में से झारखंड के एक मजदूर सेफ्टी बेल्ट की गाइड रॉ टूटने से 298 मीटर की ऊंचाई से नीचे जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों को लिफ्ट की मदद से बाहर निकाला गया। श्रमिक मृतक के परिजनों को मुआवजा दिए जाने को लेकर हंगामा करने लगे। एसडीएम सदर ने जब मृतक का शव उठवाने की कोशिश की तो मजदूरों ने पथराव कर दिया। इसमें दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए।
मलावन स्थित जवाहर तापीय परियोजना में करीब 300 मीटर ऊंची चिमनी का काम किया जा रहा है। शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे इस चिमनी में कुल 14 मजदूर काम कर रहे थे, जिसमें सबसे ऊपर करीब 298 मीटर ऊंचाई पर झारखंड स्थित गढ़वा जिले के अक्षय कुमार बेल्डिंग कर रहा था। बेल्डिंग के दौरान इस मजदूर की सेफ्टी बेल्ट में लगी गाइड रॉ टूट गई, जिसकी वजह से वह नीचे जा गिरा और गिरते ही मौत हो गई। इसके बाद मजदूरों में हड़कंप मच गया। अन्य 13 मजदूरों को लिफ्ट के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
करीब एक घंटे बाद यहां एसडीएम सदर शिवकुमार पहुंचे और उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिलाने आश्वासन देते हुए शव को चिमनी से बाहर निकलवाया। शव के बाहर निकलते ही मजदूरों ने हंगामा करते हुए पथराव करना शुरू कर दिया, जिसमें मलावन थाने के इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र शर्मा और सकीट थाने के आरक्षी राजेश कुंतल घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने हंगामा कर रहे मजदूरों को खदेड़ दिया। एसडीएम ने मजदूरों को समझाया और डायनामिक कंपनी के मैनेजर को बुलाकर मुआवजे की बात कराई। मैनेजर ने करीब 24 लाख रुपये का मुआवजा देने की बात कही, जिसके बाद मजदूरों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया।
बुलाया कई थानों से पुलिस बल
आक्रोशित मजदूरों द्वारा हंगामा और पथराव करने से स्थिति गंभीर बनती हुई दिखाई दी। हजारों मजदूर हंगामे में शामिल थे। जबकि पुलिसकर्मी कम थे। ऐसे में एसडीएम ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाने का आदेश दिया। इस पर कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, जलेसर, सकीट आदि थानों का पुलिसबल मौके पर पहुंचा। जिसके बाद आक्रोशित मजदूरों को नियंत्रित किया गया।
डीएम-एसएसपी भी मौके पर पहुंचे
पथराव के करीब सवा घंटे बाद घटना स्थल पर डीएम अंकित कुमार अग्रवाल और एसएसपी उदय शंकर सिंह पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि मृतक के परिवारीजनों को कंपनी द्वारा करीब 24 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया जाएगा। वहीं एसएसपी ने कहा कि इस घटना में पथराव के दौरान जो घायल हुए है उनका उपचार कराया जा रहा है। पथराव करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।