टूंडला। कोतवाली के पीछे रहने वाली एक महिला ने पति की किडनी खराब होने की बात कहते हुए पड़ोस की ही चार महिलाओं को ठग लिया। 15 लाख रुपये और जेबर ठग लिए। जब पीड़ित महिलाओं ने रुपये वापस मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित महिलाओं ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
नगर के मोहल्ला न्यू शिवनगर निवासी विनीता देवी पत्नी विष्णु राजौरिया ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। विनीता का कहना है कि मोहल्ले में ही रहने वाली रेनू उर्फ चंद्रेश ने अपने पति ब्रजकिशोर की किडनी खराब होने की बात कहते हुए विनीता से चार लाख रुपये उधार लिए थे। इसी तरह मोहल्ले की ही गीता देवी से छह लाख रुपये, प्रीती से तीन लाख रुपये उधार लिए थे।
सभासद सुमन से बीमारी का बहाना बनाकर दो लाख रुपये, दो तोले के कानों के झाले ले लिए। सभासद के आधारकार्ड और पैनकार्ड ऋण लेने के लिए ले लिए थे। रेनू ने अब तक किसी के भी रुपये वापस न किए हैं। जब चारों महिलाएं अपने रुपये मांगने के लिए उसके पास गईं तो वहां पहले से मौजूद रेनू एवं उसके पति ब्रजकिशोर, पिता ब्रज मोहन, भाई कमल किशोर, जेठ जयप्रकाश, जेठानी गुड्डी देवी ने पीटा। दोबारा रुपये मांगने आने पर जान से मारने की धमकी दी।
रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी पर भड़की आरोपी
धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराने पर भड़की महिला ने दो अन्य महिलाओं के साथ मिलकर पीड़ित महिला गीता पर हमला बोल दिया। घायल महिला ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने गीता का मेडिकल कराया है।