कासगंज। जिले की नगर पंचायत भरगैन स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश और नॉर्थ जोन में दूसरे नंबर पर आई है। कड़े संकल्प और मेहनत के साथ नगर पंचायत भरगैन ने यह मुकाम पाया है। जिम्मेदारों के मुताबिक इसके लिए हर स्तर पर योजनाबद्ध तरीके से काम किया गया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 में नॉर्थ जोन में भरगैन नगर पंचायत ने नॉर्थ जोन में 606 वीं रैंक पाई थी, लेकिन अब सीधे ये नॉर्थ जोन में दूसरा स्थान नगर पंचायत को मिला है। इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलकमल सिंह ने बताया कि सबसे पहले नगर पंचायत में सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया। ताकि लोग ओडीएफ बनाने में हमारी मदद करें।
इसके साथ ही कस्बे में लोगों को लगातार जागरूक किया गया कि वे गंदगी निर्धारित स्थान पर ही डालें। लोगों की सोच को बदलने की दिशा में काम किया गया। हर घर के दरवाजे से कूड़ा उठाने की व्यवस्था निर्धारित की गई। कूड़ा निस्तारण के लिए गोबर के साथ गीले कूड़े को मिलाकर वर्मी कंपोस्ट बनाने का काम करवाया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष एवं जिला प्रशासन ने पूरा सहयोग किया और भरगैन के स्वच्छता सैनिकों ने दिन रात निष्ठा से काम किया। इसी का नतीजा है कि नगर पंचायत को दूसरा स्थान मिला। उन्होंने इसका श्रेय भी स्वच्छता सैनिकों को ही दिया।
अब नेशनल लेवल के लिए करें मेहनत
भरगैन नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलकमल सिंह ने बताया कि आगामी समय में वे और बेहतर करने का प्रयास करेंगे। इसके लिए अब नेशनल लेवल पर स्थान पाने का लक्ष्य रखकर काम किया जाएगा।