भोगांव। थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात छह वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। इनमें गिरोह का सरगना भी शामिल है। इनके कब्जे से चोरी की 11 बाइकें, दो बाइकों के पार्टस आदि बरामद हुए। पुलिस वाहन चोरों के दो अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
सीओ भोगांव अमर बहादुर ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर जानकारी दी कि मंगलवार को सूचना मिली कि विशुनगढ़ कन्नौज निवासी अर्जुन चोरी के कुछ वाहन लेकर कस्बे में आया है। वह मोहल्ला गांधीनगर निवासी बाइक मिस्त्री मुन्ना उर्फ अरमान अली और सैफ अली निवासी मोहल्ला करियानीम को बाइकें बेचता है। तीनों अपने गैंग के साथ चोरी के बाइकें बेचते हैं। जो नहीं बिकतीं उन्हें पार्टस के रूप मे बेच देते हैं। इस पर प्रभारी निरीक्षक पहुप सिंह पुलिस बल के साथ भोगांव मैनपुरी रोड स्थित सैफ अली की दुकान पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके से मुन्ना और सैफ को चोरी की दो बाइकों व दो बाइकों के पार्टस, कटर आदि उपकरणों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वह लोग राजू उर्फ महकू, अंजीव, मोनू उर्फ राजेंद्र, मनीष, चुन्नू उर्फ चंद्रशेखर निवासी मोहल्ला जैतूलपुर से खरीदते व बेचते हैं। पुलिस ने पकड़े गए बाइक मिस्त्रियों को साथ लेकर अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी। पुलिस ने राजू उर्फ महकू, अंजीव, मौनू और मनीष को गिरफ्तार करने के साथ नौ अन्य बाइकें बरामद कीं।
अर्जुन और चुन्नू पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके। सीओ ने इस गिरोह का सगना मुन्ना है। जल्द ही वाहन चोरों के अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।