आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर शाहगंज के शिब्द साहनी नगर में मंगलवार को भीम महोत्सव का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सहायक मद्यनिषेध अधिकारी विमल साहू और अध्यक्ष जयभीम कर्दम ने किया। महोत्सव की शुरुआत योगेश और तपस्या आंबेडकर ने बुद्ध वंदना के साथ की। इसके बाद कलाकारों ने बाबा साहब पर आधारित गीतों व प्रस्तुतियों से माहौल को प्रेरणादायक बना दिया। मुख्य अतिथि विमल साहू ने कहा कि आंबेडकर जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब समाज नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ेगा। इस माैके पर मनोरंजन के लिए झूले लगाए गए थे। वहीं, चाट पकोड़ी और शृंगार से जुड़ी दुकानों पर लोगों की भीड़ रही।
यह होंगे कार्यक्रम
अध्यक्ष जयभीम कर्दम ने बताया कि 22 अप्रैल की शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और कठपुतली का शो दिखाया जाएगा। 23 अप्रैल को सामूहिक विवाह समारोह और 24 अप्रैल को सम्मान समारोह होगा। इस मौके पर उपाध्यक्ष रूप किशोर हरित, बहादुर सिंह, नरेश चौधरी, बच्चू सिंह आदि मौजूद रहे।