आगरा में भीमनगरी आयोजन को लेकर तैयारियां जारी हैं। कोलकाता के 80 से अधिक कारीगर भीमनगरी के लिए मंच तैयार करने में जुटे हैं। इसके साथ ही भीमनगरी का मुख्य द्वार भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।
संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर की जयंती पर आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-11 के मैदान पर भीमनगरी का मंच बनाने का काम जारी है। यह नागपुर के ऐतिहासिक बौद्ध तीर्थ स्थल दीक्षा भूमि के स्वरूप में बनाया जा रहा है। कोलकाता से आए कारीगर मंच के साथ सांची के स्तूप की तरह भीमनगरी का मुख्य प्रवेश द्वार भी बना रहे हैं।
विज्ञापन
15 से 17 अप्रैल तक सेक्टर 11 में सजाई जा रही भीमनगरी में मंच बनाने का काम जारी है। आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय सिंह कर्दम ने बताया कि कोलकाता से 80 से अधिक कारीगर मंच के काम में जुटे हैं। मंच 60 फीट ऊंचा और 120 फीट चौड़ा बनाया जा रहा है। इसके आगे जमीन से छह फीट ऊंचा, 100 फीट लंबा और 50 फीट चौड़ा स्टेज बनाया जाएगा।
दीक्षा भूमि वह जगह है, जहां बाबा साहब डॉ. आंबेडकर ने बौद्ध धर्म की दीक्षा लाखों अनुयायियों के साथ ली थी। महासचिव महेश चंद्र ने बताया कि 15 अप्रैल को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भीमनगरी का शुभारंभ करेंगे।
विज्ञापन
16 अप्रैल को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री असीम अरुण की मौजूदगी में बौद्ध रीति-रिवाज से सामूहिक विवाह होंगे। 17 अप्रैल को मेधावी छात्र-छात्राओं और समाज के प्रबुद्धवर्ग का सम्मान समारोह होगा।