Bharat Jodo Nyaya Yatra route chart
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस अध्यक्ष रहे राहुल गांधी सर्दी में आगरा-अलीगढ़ मंडल में माहौल गर्माने जा रहे हैं। अगले महीने में उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा आएगी। यहां सामाजिक, युवाओं, व्यापारियों समेत मजदूर वर्ग से सीधे संवाद कर वह भाजपा पर हमलावर रहेंगे।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा का दूसरा चरण 14 जनवरी से मणिपुर की राजधानी इंफाल से शुरू होगा। यात्रा 14 फरवरी काे प्रदेश में प्रवेश करेगी। शहरी क्षेत्रों में राहुल गांधी पैदल चलकर लोगों से रूबरू होंगे। घनी रिहायशी नहीं होने पर वाहन में बैठकर लोगों को अभिवादन करते गुजरेंगे। आगरा में एमजी रोड से यात्रा निकलेगी। मुलाकात के लिए प्रबुद्ध वर्ग के लोगों की सूची बनाई जा रही है। राहुल गांधी महिलाओं, विद्यार्थियों, अग्निवीर की तैयारियां करने वाले युवा, ऑटो-ट्रक चालक, हलवाई और मजदूरों से भी मिलेंगे।
प्रबुद्ध लोगों से समझेंगे स्थानीय स्थिति
आगामी लोकसभा चुनाव में जमीन तैयार करने के लिए शुरू की जा रही यात्रा में राहुल गांधी स्थानीय माहौल और स्थिति को समझने के लिए प्रबुद्ध लोगों से रायशुमारी करेंगे। यूपी में भाजपा की काट के लिए पार्टी में क्या बदलाव और कार्ययोजना होगी, इसकी भी रूपरेखा तय होगी। गठबंधन की नब्ज भी टटोलेंगे। इसी के चलते प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 दिन यात्रा रहेगी।
कार्यक्रम तय, यात्रा से कांग्रेस का बढ़ेगा जनाधार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि यात्रा का रूट प्लान तैयार है। स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम में बदलाव किए जा सकते हैं। आगरा-अलीगढ़ में फरवरी के अंत तक यात्रा पहुंचने की उम्मीद है। यहां लोगों में भाजपा राज में महंगाई, बेरोजगारी, सांप्रदायिकता जैसे मुद्दों पर भाजपा की पोल खोलेंगे।