ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचने के बाद भी यात्रियों को कई बार आउटर पर ट्रेन खड़ी होने के कारण इंतजार करना पड़ता है। दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों का दबाव भी इसकी बड़ी वजह है। भांडई-कीठम के बीच बन रही 26.5 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन इस परेशानी को कम करने में मदद करेगी। इसके तैयार होने पर ट्रेनों को आवाजाही के लिए अतिरिक्त ट्रैक मिलेगा। मालगाड़ियों के संचालन के लिए भी अतिरिक्त रास्ता उपलब्ध होगा। इससे ट्रेनों की क्रॉसिंग में सहूलियत मिलेगी और यात्रियों को अनावश्यक इंतजार से राहत मिलने की उम्मीद है।
आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में मथुरा-झांसी तृतीय रेल लाइन परियोजना के तहत निर्माण चल रहा है। 5,960.76 करोड़ रुपये की इस परियोजना का 82 प्रतिशत सिविल कार्य पूरा हो चुका है। अब तक 38.65 लाख घन मीटर मिट्टी का कार्य किया गया है। इस लाइन पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
कुल 57 छोटे पुलों में से 53 बन चुके हैं। 18 बड़े पुलों के निचले ढांचे तैयार हैं, जबकि 13 के ऊपरी ढांचे का काम पूरा हो चुका है। पांच ओडब्ल्यूजी गर्डर की निर्माण प्रक्रिया भी पूरी है। स्थानीय जरूरतों और ग्रामीणों की मांग पर पुलों की संख्या 37 से बढ़ाकर 75 की गई है। नानपुर में नया क्रॉसिंग स्टेशन बनाया जा रहा है। अन्य स्टेशन भी बन रहे हैं। इनके तैयार होने पर मंडल में 101 रेलवे स्टेशन हो जाएंगे।
परियोजना के लिए 161 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित कर 540.20 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। प्रभावित 5,094 पेड़ों के बदले 50,940 पौधे लगाए गए हैं। परियोजना 31 दिसंबर 2026 तक पूरी करने का लक्ष्य है।