कासगंज। भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप पांडे ने चंडौसा गांव में हुई किसान पंचायत में कहा कि किसान और किसानी की दशा और दिशा दोनों ही बद से बद्तर होती जा रही हैं। दुनिया के सभी धंधे मुनाफे के हैं और किसानी में घाटा हो रहा है।
सरकार की गलत नीतियों और नीयत में खोट की वजह से जानबूझकर इसे घाटे का धंधा बनाया गया है। सरकार नहीं चाहती है कि किसान संपन्न हो। यदि किसान संपन्न हो गया तो दलाल और भ्रष्ट नेताओं को सत्ता से वंचित होना पड़ेगा। किसान कानून की आड़ में किसानी खत्म करना चाह रही है और उन्हें बंधुआ मजदूर बनाना सरकार की योजना है। तानाशाह मोदी सरकार यह भूल रही है कि किसान आंदोलन से पीछे हटने वाले नहीं हैं। किसान यूनियन गांव-गांव पंचायत करके किसानों को जागरूक कर रही है।
जिलाध्यक्ष आशीष पांडे ने बताया कि किसानों का शोषण लगातार हो रहा है। गरीब और गरीब होगा। उद्योगपति और अमीर बनेंगे। मोदी सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। पंचायत को मंडल अध्यक्ष ठाकुर श्यामवीर सिंह ने भी संबोधित किया। पंचायत का संचालन मंडल महासचिव श्रीपाल वैद्य ने किया। इस दौरान अमर सिंह राजपूत, मेघ सिंह कश्यप, सुखवीर सिंह यादव, राधेलाल कश्यप, गिर्राज सिंह, सत्यपाल सिंह, ठाकुर तल्लन सिंह, रोहतास सिंह, कल्यान सिंह, भगवानदास कुशवाह, विक्की ठाकुर, संदीप पांडे, सुरेंद्र सिंह, प्रमोद यादव, प्रवीन शर्मा सहित सैंकड़ों किसान मौजूद रहे।