मैनपुरी। धनतेरस, दीपावली और गोवर्धन पूजा के बाद मंगलवार को भाई दूज का त्योहार मनाया जाएगा। बहनें अपने भाइयों का तिलक कर उनकी दीर्घायु की कामना करेंगी। घर-घर तैयारियां शुरू हो गई हैं। बहुत सी बहनें अपने भाइयों के घर के लिए सोमवार को ही रवाना हो गईं। बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र के लिए उनका तिलक कर भोजन कराती हैं। वहीं भाई भी अपनी बहनों को तोहफे देते हैं। सोमवार को बाजारों में दिन भर मिठाइयों की खरीदारी होती रही।
इसलिए मनाते हैं यम द्वितीया
पौराणिक कथाओं के अनुसार एक बार जीवनदायिनी यमुना ने अपने भाई यमराज को अपने घर बुलाया। वे शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को उनके घर पहुंचे। यमुना ने बड़े आदर सत्कार से उन्हें भोजन कराया। जब वे जाने लगे तो उन्होंने अपनी बहन यमुना से वरदान मांगने को कहा। यमुना ने मांगा कि जो भी बहन आज के दिन अपने भाई का तिलक कर उसे भोजन कराए उसे तुम्हारा भय न रहे। तब से ही भाई दूज का त्योहार मनाया जाता है। इसे यम द्वितीया भी कहा जाता है। इस दिन यमुना नदी में स्नान करने का विशेष महत्व माना जाता है।
ये है शुभ मुहूर्त
आचार्य ललित पांडये ने अनुसार मंगलवार को सुबह आठ बजे से लेकर शाम के साढ़े छह बजे तक मुहूर्त शुभ रहेगा। इसी दौरान बहनें अपने भाइयों का तिलक कर उनके लंबी उम्र की कामना करें।
दिल्ली रूट पर हर घंटे मिलेगी बस
रोडवेज ने भाई दूज पर बहनों की सुविधा के लिए प्रमुख मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई है। दिल्ली मार्ग पर महिलाओं की अधिकता के चलते हर घंटे बस मुहैया होगी। एटा होकर दिल्ली जाने के लिए जहां 25 बसें लगाई गई हैं, वहीं यमुना एक्सप्रेस -वे होकर दिल्ली के लिए तीन बसें लगाई हैं।
आगरा मार्ग पर आठ बसें, फर्रुखाबाद मार्ग पर चार बसें, पांच बसें इटावा मार्ग पर लगाई गई हैं। रोडवेज के चार कर्मचारी पूछताछ काउंटर पर मौजूद रहेंगे। जिले से होकर गुजरने वाली सभी बसें बस स्टैंड होकर गुजरेंगी। भाई दूज पर हर मार्ग पर महिलाओं की संख्या अधिक रहती है। इसके चलते सभी प्रमुख मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है। हर घंटे पर दिल्ली के लिए एटा होकर रोडवेज बस सेवा उपलब्ध रहेगी।
- पवन कुमार श्रीवास्तव, एआरएम मैनपुरी।