डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार को होने वाले बीडीएस (बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी) के पेपर को निरस्त कर दिया है। मेरठ के निजी कॉलेज के ऐनवक्त पर परीक्षा कराने से मना करने के कारण परीक्षा टालनी पड़ी। अब सोमवार को होने वाली परीक्षा 10 अक्तूबर को होगी।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि सोमवार से बीडीएस की परीक्षा बीएसए कॉलेज मथुरा, जनता डिग्री कॉलेज गाजियाबाद और शहीद मंगल पांडे गर्ल्स डिग्री कॉलेज मेरठ पर होनी थी। इनमें 536 परीक्षार्थी शामिल होंगे। लेकिन मेरठ के शहीद मंगल पांडे गर्ल्स डिग्री कॉलेज ने रविवार की देर रात फोन कर कहा कि उनके यहां छात्रों की परीक्षा कराने के लिए फर्नीचर समेत अन्य संसाधनों की कमी है और परीक्षा कराने में असमर्थता जताई। देर रात ऐनवक्त पर परीक्षा कराने की मनाही के कारण अन्य केंद्र बनाना आसान नहीं था।
ऐसे में सोमवार को होने वाली परीक्षा को निरस्त कर दिया है, ये परीक्षा 10 अक्तूबर को होगी। मंगलवार से होने वाले पेपर यथातिथि से संचालित होंगे। नया केंद्र डीजे कॉलेज बड़ौत बना रहे हैं। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कुलसचिव धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि आगरा विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक से फोन पर बातचीत में शहीद मंगल पांडे गर्ल्स कॉलेज के स्थान पर डीजे कॉलेज बड़ौत पर परीक्षा कराने की बात कही है।
केंद्र पर पहुंचकर छात्रों ने किया हंगामा
शहीद मंगल पांडे गर्ल्स डिग्री कॉलेज पर पेपर देने पहुंचे छात्रों को परीक्षा निरस्त होने की जानकारी होने पर हंगामा कर दिया। छात्रों का आरोप है कि जब कॉलेज में परीक्षा कराने के लिए संसाधन नहीं थे, तो इसे केंद्र क्यों बनाया गया। कॉलेज संचालक पर कार्रवाई की मांग की है। इस पर विश्वविद्यालय प्रशासन कॉलेज पर कार्रवाई के लिए कुलपति को रिपोर्ट भेज रहा है।
इन पेपरों की हुई परीक्षा निरस्त:
बीडीएस प्रथम प्रोफेशनल: हुमन एनाटमी एंब्रियोलॉजी, हिस्टोलॉजी एंड मेडिकल जेनेटिक्स
बीडीएस द्वितीय प्रोफेशनल: जनरल पैथोलॉजी एंड माइक्रोबायलॉजी
बीडीएस तृतीय प्रोफेशनल: जनरल सर्जरी
बीडीएस चतुर्थ प्रोफेशनल: ओरल मेडिसिन एंड रेडियोलॉजी