पंचायत चुनाव के चौथे चरण में शुक्रवार को नाम वापसी के बाद जैतपुर ब्लॉक के 61 वार्डों में 270 प्रत्याशी भाग्य आजमाएंगे। 326 नामांकन पत्रों में से 53 ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए। इससे 3 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। अब 270 प्रत्याशी ही मैदान में बचे हैं। बाह ब्लॉक में 74 वार्डों में 307 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। 70 नामांकन पत्र वापस लिए जाने के बाद चार प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो गए। वहीं, पिनाहट ब्लाक में 114 के नाम वापस लेने के बाद दो प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो गए। अब 255 चुनावी मैदान में बचे हैं।
क्षेत्र पंचायत जैतपुर कलां के मऊ गांव की प्रधान गीता देवी पत्नी श्याम प्रवेश ने कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह के गांव नौगवां के वार्ड पांच से क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नामांकन भरा था। इस वार्ड में उधन्नपुरा के गौरीशंकर, नौगवां के राम प्रकाश, जैतपुर के कृष्ण मुरारी ने भी नामांकन किया। नाम वापसी के दिन सबने अपने नामांकन वापस ले लिए और गीता देवी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुईं। जैतपुर के कोरथ गांव में जेठानी बबली और देवरानी रजनी ने वार्ड 55 से नामांकन भरा था। इनमें रजनी ने नाम वापस ले लिया। बबली निर्विरोध निर्वाचित हुईं। वार्ड 49 प्यारम्पुरा में संजू निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए। बाह में जरार के वार्ड पांच में केशव देवी, रजनी देवी, सरिता, कमलेश, मीरा देवी ने नामांकन भरा था। चार लोगों को नाम वापस लेने के बाद केशव देवी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुईं। वार्ड 55 बमरौली से नवल सिंह, वार्ड 45 पड़कौली से ममता, वार्ड 20 भरतार से चोखाराम भी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए। पिनाहट ब्लॉक के वार्ड 52 से सुग्रीव सिंह चौहान, 35 से पूनम देवी पत्नी रमाकांत निर्विरोध बीडीसी चुनी गईं।
-----
ब्लाक परिसर में बिकी चुनाव सामग्री
बाह। नामांकन पत्रों की वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन शुक्रवार को बाह, पिनाहट, जैतपुर ब्लाक मुख्यालय पर हुआ। बाह ब्लाक परिसर में खुलेआम चुनाव सामग्री बिकते दिखी। पेड़ के नीचे दुकान लगाकर बैठे दुकानदार से लोगों ने चुनाव सामग्री खरीदी। आचार संहिता उल्लंघन का किसी ने ध्यान हीं दिया और न किसी ने दुकानदार को रोका।