सावन के दूसरे सोमवार के तीर्थ स्थल बटेश्वर मेें आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। यहां पांच हजार कांवड़ चढ़ाई गई। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने यमुना में स्नानकर ब्रह्मलाल जी मंदिर में मत्था टेका और मन्नतें मांगी।
मध्यरात्रि के बाद से शुरू हुआ स्नान और पूजन का दौर देरशाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान ब्रह्मलाल जी मंदिर में बेल पत्र चढ़ाकर पूजा की। सोरों से कांवड़ में गंगाजल भर कर लाए कांवड़ियों ने हर हर बम बम के जयघोष के साथ ब्रह्मलाल जी महाराज का अभिषेक किया। रविवार रात कांवड़ियों की एक किलोमीटर लंबी लाइन लगने से बढ़े दबाव के चलते मंदिर के पट मध्यरात्रि ही खोलने पडे़। सोमवार दोपहर तक भोलेनाथ के अभिषेक के लिए कांवड़िए जूझते रहे। मंदिर में बिखरे पड़े कांच के टुकड़ों से कई लोगों के पैर लहूलुहान हो गए। मंदिर के महंत जयप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं ने कांवड़ लाकर भोलेनाथ का अभिषेक किया है। उन्होंने कांवड़ियों को कांच की बोतलें न लाने का आह्वान किया। वहीं, महिलाओं और युवतियों ने गौरीशंकर मंदिर में अपने सौभाग्य के लिए शृंगार सामग्री अर्पित की। साधु संतों के अखाड़ाें में हवन किए गए। मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ दिन भर भंडारों का दौर चला। श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में अनुष्ठान भी कराए।
-----
अव्यवस्थाएं देख श्रद्धालुओं ने किया हंगामा
बाह। अव्यवस्थाओं को लेकर कई दफा कांवड़ियों ने हंगामा किया। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर यहां पहुंचे हजारों कांवड़ियों ने पुलिस प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार बताया। रात में अंधेरा होने पर भी उन्होंने हंगामा किया। दोपहर में खांद-बटेश्वर मार्ग पर कई दफा जाम लगा। इस दौरान पुलिस को लाठियां भी फटकारनी पड़ी। हालांकि इस दौरान कंधे पर झूलती कांवड़ के साथ महिला-पुरुषों की शिव भक्ति देखने लायक थी।
-------
तीन लोगों को डूबने से बचाया
बाह। शिव मंदिर शृंखला के घाटों पर स्नान के दौरान फतेहाबाद के तिबाह निवासी धर्मेंद्र, बासौनी निवासी मनोज कुमार, उसैद के शिवशंकर अलग अलग समय पर यमुना में डूब गए। इस दौरान वहां मोटर वोट के साथ मुस्तैद पुलिस और पीएसी के गोताखोरों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उन्हें बचा लिया।
-----
चेन स्नेचिंग और जेबकटी में महिला पुरुष पकड़े
बाह। ब्रह्मलाल जी मंदिर में महिला श्रद्धालु पूजा के दौरान चेन स्नेचिंग और जेबकटी की शिकार हुई। मंदिर के सीसीटीवी कैमरे खराब होने के कारण पुलिस को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने फर्रुखाबाद की महिला और इटावा के पुरुष को पकड़ लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।