बटेश्वर। ऐतिहासिक और आध्यात्मिक नगरी बटेश्वर में बिजली विभाग की ‘स्मार्ट’ व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। तीर्थ क्षेत्र में लगाए गए स्मार्ट मीटर अब स्थानीय लोगों के लिए जी का जंजाल साबित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में ओवर बिलिंग और स्मार्ट मीटरों की जांच के निर्देश दिए थे, लेकिन विभाग की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नजर नहीं आ रहा है, जिससे कस्बावासियों और व्यापारियों में भारी रोष है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का गंभीर आरोप है कि पुराने मीटरों की तुलना में नए स्मार्ट मीटर काफी तेज गति से चल रहे हैं। मध्यमवर्गीय परिवारों के बिजली बिल अचानक दो से तीन गुना तक बढ़ गए हैं। लोगों का कहना है कि वे बिजली का सीमित उपयोग कर रहे हैं, फिर भी बिल हजारों में आ रहे हैं। विभाग के चक्कर काटने के बावजूद भी शिकायतों का कोई ठोस समाधान नहीं निकल रहा है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि कस्बे में लगे स्मार्ट मीटरों की सटीकता की तुरंत जांच की जाए। त्रुटिपूर्ण और भारी-भरकम बिलों में सुधार कर राहत दी जाए। तीर्थ क्षेत्र को बिजली कटौती से पूरी तरह मुक्त रखा जाए।
इंसेट
तीर्थ क्षेत्र में कटौती का ‘अंधेरा’
एक तरफ भारी-भरकम बिलों ने जनता की कमर तोड़ रखी है, वहीं दूसरी तरफ तीर्थ क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती ने बुरा हाल कर रखा है। गर्मी की शुरुआत के साथ ही घंटों बिजली गुल रहना आम बात हो गई है। मुख्यमंत्री ने जहां गर्मी में निर्बाध आपूर्ति के निर्देश दिए हैं, वहीं बटेश्वर में तकनीकी खराबी और ‘लोकल फॉल्ट’ का बहाना बनाकर बार-बार बिजली काटी जा रही है। इससे न केवल स्थानीय निवासी बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालु भी परेशान हैं।
सांधा में स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़, 5 के खिलाफ प्राथमिकी
किरावली। अधीक्षण अभियंता कमला नगर के निर्देशन में बिजली विभाग की सतर्कता टीम ने बृहस्पतिवार को ग्राम सांधा में छापेमारी कर स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़ कर बिजली का उपयोग करने वाले 5 उपभोक्ताओं के खिलाफ अवर अभियंता अजय शुक्ला प्राथमिकी दर्ज कराई है। ये सभी सीधे मुख्य केबल से तार डालकर अवैध रूप से बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।