आधार कार्ड बनवाने की मारामारी मची हुई है। इसका फायदा उठा आधार बनाने वाली कुछ कंपनियों के आपरेटर और अधिकारी मिलीभगत कर वसूली में जुट गए हैं। लोगों से प्रति कार्ड 30 से 200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। ऐसे दो मामले शाहगंज और यमुनापार इलाके में पकड़े जाने पर सोमवार को दो आपरेटरों को खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व राजकुमार ने बताया कि शाहगंज में तहसील सदर के पास टेरा डाटा फीडिंग कंपनी की ओर से आधार कार्ड शिविर लगाया गया था। इस शिविर में जबरदस्त भीड़ उमड़ रही थी। शिकायत मिली कि आपरेटर फार्म, कार्ड बनाने के लिए वसूली कर रहे हैं। गोपनीय जांच में मामला सही पाया गया। जांच के दौरान टेरा कंपनी के अधिकारी भी शामिल थे। कंपनी की ओर से आरोपी आपरेटर आशीष कुमार के खिलाफ थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। इसी तरह का मामला यमुनापार के नराइच इलाके में पाया गया है। यहां होमबिल्ड कंपनी के आपरेटर योगेश के खिलाफ थाना एत्माउद्दौला में रिपोर्ट कराई गई है। अवैध वसूली के सिर्फ यही दो मामले नहीं है। ताजनगरी फेस टू मेवाती नगला और सुल्तानपुरा के लोगों ने कार्ड के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने की शिकायत की है। एडीएम वित्त ने बताया कि होम बिल्ड कंपनी के खिलाफ कार्रवाई को भी लिखा जा रहा है।