सुल्तानगंज की पुलिया से बैरिकेडिंग हटने के बाद चौड़ा हुआ रास्ता। अमर उजाला
आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने सुल्तानगंज चौराहे से बैरिकेडिंग हटा दी है। यहां से गुजरे भूमिगत केबल और पाइप लाइनों को शिफ्ट करने का काम चल रहा है। इनको फ्लाईओवर के किनारे बने फुटपाथ के नीचे से गुजारा जाएगा। इसके लिए जल्द ही फ्लाईओवर के किनारे पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि दूसरे कॉरिडोर में आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक एलिवेटेड ट्रैक बन रहा है। इसमें सुल्तानगंज की पुलिया पर स्टेशन बनाने का कार्य चल रहा है। चौराहे से आगे कमला नगर की ओर तीन महीने से बैरिकेडिंग की गई थी। नाले के पास से पानी की लाइन समेत कई दूरसंचार कंपनी के केबल गुजरे थे।
इनको वहां से हटाकर फ्लाईओवर से सटे फुटपाथ के नीचे शिफ्ट किया जाना है। इसके लिए सुल्तानगंज चौराहे से कमला नगर के सेंट्रल बैंक रोड तक बायीं ओर लगी बैरिकेडिंग हटा दी है। जल्द ही दायीं ओर बैरिकेडिंग करते हुए लाइनों को शिफ्ट किया जाएगा। यह कार्य पूरा होने के बाद पिलर बनाए जाएंगे।
नाला को कवर्ड करते हुए इस पर हरियाली विकसित की जाएगी। सफाई के लिए जगह-जगह पॉइंट भी दिए जाएंगे। कमला नगर से ही ट्रैक फ्लाईओवर को पार करते हुए दायीं ओर लंगड़े की चौकी की तरफ से ट्रैक बनेगा। इसके लिए पिलर बनाए जा रहे हैं।
कार पर लकड़ी गिरने में ठेकेदार को नोटिस
आगरा। खंदारी बाईपास से गुजरते समय 19 जनवरी को एक कार पर मेट्रो ट्रैक से लकड़ी का भारी टुकड़ा गिर गया था। वह शीशा तोड़ते हुए चालक सीट तक पहुंच गया था। हालांकि चालक को मामूली चोट लगी थी। यूपीएमआरसी के परियोजना निदेशक अरविंद राय ने छह सदस्यीय समिति बनाकर जांच कराई। जांच रिपोर्ट सौंप दी है। इसमें ठेकेदार की लापरवाही प्रतीत होने पर नोटिस देते हुए कार्य के दौरान ट्रैक पर दोनों और रेलिंग लगाकर कार्य करने की हिदायत दी गई है। ब्यूरो