शहर में तेज बारिश के कारण गलियों में हुआ जलभराव
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। सोमवार को दिनभर की उमस के बाद शाम को झमाझम बारिश हुई। बारिश के चलते शहर की सड़कों, गलियों में पानी भर गया। कुछ इलाकों में अधिक बारिश के कारण घरों में भी पानी घुस गया। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सोमवार को सुबह से ही उमस भरी गर्मी ने लोगों परेशान कर दिया। देर शाम जोरदार बारिश हुई।
इससे शहर की मुख्य सड़कों पर पानी भर गया। तेज बारिश के कारण मोहल्ला देवी रोड, राजीव गांधीनगर, नगला रते, यदुवंश नगर, रामलील मैदान, गाड़ीवान आदि क्षेत्र में गलियों और घरों में पानी भर गया। घरों में पानी भरने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सफाई व्यवस्था की खुली पोल
जोरदार बारिश के बीच शहर में नाला सफाई व्यवस्था की भी पोल खुल गई। शहर के देवी रोड, आगरा रोड और स्टेशन रोड पर भी कई जगह मुख्य सड़क पर जलभराव हो गया। बाईपास रोड पर करहल चौराहे के निकट जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।