कार हटाने के विवाद में भिड़े बराती और ग्रामीण
भोगांव (मैनपुरी)। मोहल्ला चौधरी में कार हटाने के विवाद को लेकर बरातियों और ग्रामीणों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
शुक्रवार की रात घिरोर क्षेत्र से शाक्य समाज की बारात मोहल्ला चौधरी में आई हुई थी। मोहल्ले में ही दिवाकर समाज की रहने वाली एक महिला के घर में जागरण की दावत भी हो रही थी। कुछ लोग एक कार को मोहल्ले के तिराहे पर खड़ी कर दावत में खाना खा रहे थे। उसी समय बारात में शामिल बोलेरो तिराहे से निकली। कार हटाने के लिए कहा तो इसी बात को लेकर दोनों पक्ष के लोगों के बीच गहमागहमी होने लगी। दावत खाकर लौटे रामकिशन, राघवेंद्र निवासी आगरा ताज मंडी आगरा ने बोलेरो सवार लोगों से झगड़ा होने लगा।
दोनों पक्ष के लोगों में मारपीट होता देख ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने रामकिशन, राघवेंद्र, दूसरे पक्ष से सुनील और गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने झगड़े में घायल हुए लोगों का मेडिकल कराया। पकड़े गए चारों आरोपियों के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया। संवाद