शनिवार को बैंकों में भीड़ रिकार्ड तोड़ रही। जूता कारीगरों का साप्ताहिक अवकाश का दिन होने से सुबह सात बजे से ही सैकड़ों लोग बैंक शाखाओं के बाहर कतारों में लग गए। शनिवार को बैंकिंग का समय शाम चार बजे तक ही होने के कारण हर ब्रांच से शाम को 100 से 300 लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। नोटबंदी के फैसले के बाद तीन दिनों के अंदर जिले के 21 लाख खाताधारकों में से 11 लाख बैंकिंग कर चुके हैं। इनमें से 4.80 लाख लोगों ने नोट एक्सचेंज किए हैं, जबकि 2200 करोड़ रुपये कैश जमा किया जा चुका है। सामान्य दिनों में 15 करोड़ रुपये प्रतिदिन ही कैश जमा होता था।
शनिवार को बैंकों में भीड़ पहले दो दिनों के मुकाबले ज्यादा रही। एटीएम शुरू न हो पाने से बैंक शाखाओं पर कैश निकासी का बोझ और बढ़ गया। शाम चार बजे तक ही बैंकिंग होने से हर ब्रांच से लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। लीड बैंक मैनेजर पंकज सक्सेना के मुताबिक दिव्यांगों, सीनियर सिटीजन और बीमार लोगों को कैश देने में प्राथमिकता देने को सभी बैंकों को पत्र भेजा गया है।
डब्बा है डब्बा मोदी का एटीएम डिब्बा
आगरा। जिले भर के एटीएम शनिवार को भी ‘खाली डब्बों’ की तरह साबित हुए। कई एटीएम के बाहर खड़े लोगों ने मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और डब्बा है डब्बा मोदी का एटीएम डब्बा जैसे जुमले बोले। जिले के 639 एटीएम में से केवल 42 एटीएम ही चालू हो पाए। एटीएम इंजीनियरों की 16 सदस्यीय टीम काम में जुटी है। हर दिन अगर दो एटीएम के साफ्टवेयर हर इंजीनियर ने ठीक किए तो भी कम से कम 22 दिन सभी एटीएम के चालू होने में लग जाएंगे। शनिवार को केनरा बैंक के 124 एटीएम में से केवल 20 ही शुरू हो सके। इसी तरह स्टेट बैंक के 17 एटीएम ही चल सके। 100 के नोट के कारण प्राइवेट बैंकों और अन्य बैंकों के एटीएम में कैश लोड होेते ही चंद घंटों में खाली हो रहे हैं।
बुधवार तक आएगा 500 का नोट
बाजार में दो हजार रुपये का नोट आने के बाद भी कैश का संकट खत्म नहीं हुआ है। दरअसल, दुकानदारों के सामने दो हजार रुपये के नोट लेने में व्यवहारिक दिक्कतें हैं। किसी ग्राहक के 200-300 रुपये का सामान खरीदने पर बकाया देने के लिए उनके पास 100 के इतने नोट नहीं है। ऐसे में 500 रुपये का नोट आने के बाद ही समस्याएं खत्म हो पाएंगी। आगरा में बुधवार तक 500 रुपये का नया नोट आ सकता है। एटीएम के साफ्टवेयर अपडेट में वक्त लगने से कम से कम अगले सप्ताह तक बैंकों में ग्राहकों की भीड़ बनी रहेगी।
बैंकों में कैश बहुत, लोग भीड़ न लगाएं- मेघवाल
आगरा। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने 500-1000 रुपये के नोट बंद होने के बाद कैश की किल्लत पर कहा कि रिजर्व बैंक ने सभी बैंकों को पर्याप्त कैश भेजा है। देश में नोटों की कोई कमी नहीं है, बस लोगों को जल्दबाजी न दिखाते हुए भीड़ नहीं लगानी चाहिए। 31 दिसंबर तक नोट बदलने की लिमिट है। मेघवाल ने मीट एट आगरा में मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि बड़े फैसलों में छोटी-छोटी दिक्कतें आती ही हैं। चार हजार रुपये बदलने और दो हजार एटीएम से निकालने की लिमिट बढ़ेगी। एटीएम जरूर काम नहीं कर रहे, उन्हें जल्दी शुरू कराने पर जोर है। रोजमर्रा की चीजों टोल फ्री, रेलवे टिकट, हास्पिटल, दवाओं और बिजली बिल आदि में पुराने नोट खर्च करने की सुविधा दे दी है। कापरेटिव सोसायटी और डाकघरों के नेटवर्क का पूरा उपयोग किया जाएगा। 100 रुपये के नोट पर्याप्त मात्रा में है। जनता ने नई व्यवस्था का स्वागत किया है। अभी लाइनें लंबी हैं, लेकिन जनता को सहयोग करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री समेत राजनीतिक दल आरोप लगा रहे हैं, जो सच नहीं है। भाजपा शुचिता में विश्वास रखती है और काले धन के मुद्दे पर ही चुनाव लड़ी थी। यह हमारा एजेंडा रहा है।