बरौली अहीर। बैंक ऋण की धनराशि जमा न करने वाले बकाएदारों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। केनरा बैंक की कुंडौल शाखा के नौ बकाएदारों पर करीब 88 लाख रुपये की बकाया धनराशि है। बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद बकाया जमा न करने पर प्रशासन ने अब उनकी भूमि कुर्क करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
उप जिलाधिकारी सदर बिक्रम सिंह राघव द्वारा नौ बकाएदारों के खिलाफ कुर्की अधिपत्र जारी किया गया है। प्रशासन की ओर से सोमवार को संबंधित बकाएदारों की भूमि कुर्क किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई डौकी, कुंडौल समेत तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में की जाएगी। प्रशासन के अनुसार, संबंधित बकाएदारों को बैंक की बकाया धनराशि जमा करने के लिए पूर्व में नोटिस दिए गए थे। इसके बावजूद निर्धारित समय में धनराशि जमा नहीं की गई। बैंक की ओर से मिले अनुरोध के बाद तहसील प्रशासन ने अब बकाया वसूली की प्रक्रिया तेज कर दी है। उप जिलाधिकारी सदर बिक्रम सिंह राघव ने बताया कि बिसारना के पप्पू सिंह पर 5.18 लाख, हौंद निवासी बदामी देवी पर 8 लाख, नदौता के जमुना देवी पर 3.37 लाख, कुंडौल के सरवन सिंह पर 11.72 लाख, गोला निवासी चंद्र भान पर 15.94 लाख, तनौरा निवासी राजेंद्र पर 21 लाख, नेकराम पर 10.39 लाख, जयनारायण पर 13.10 लाख रुपये की बकायेदारी है।