एसबीआई की पास बुक एंट्री मशीन पर उमड़ी भीड़- अमर उजाला
- फोटो : ETAH
एटा/कासगंज। दीपोत्सव के चार दिन के अवकाश के बाद बुधवार को बैंक, सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में रौनक लौटी। बैंकों की छुट्टियों के बाद नकदी आहरण एवं आर्थिक लेन-देन के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। साथ ही सरकारी कार्यालयों में पसरा सन्नाटा टूट गया। अधिकारियों ने दफ्तरों में बैठकर जनता की शिकायतों और समस्याओं को सुना। उधर, स्कूलों में विधिवत शिक्षण कार्य चला।
शनिवार से हुईं दीपोत्सव की छुट्टियां बुधवार को खत्म हो गईं। इसके साथ बैंकों, सरकारी कार्यालयों समेत तमाम प्रशासनिक कार्य तेज हो गए। जिले के बैंक बुधवार को खुले तो सुबह से ग्राहकों की कतार लगी। शहर के सिविल लाइंस स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में बुधवार को ग्राहकों की कतार लगी रहीं। नकदी, चेक आहरण, नकदी जमा काउंटर पर ग्राहकों की भीड़ नजर आई। सरकारी चालान जमा करने के लिए भी ग्राहकों को लंबी लाइन लगानी पड़ी। छुट्टियों में बंद पड़े एटीएम में भी बुधवार को जान पड़ गई। नकदी जमा होने के बाद एटीएम चल पड़े। नकदी आहरण के लिए लाइन में लगने की बजाय लोगों ने एटीएम से धन निकासी की। एटीएम पर भी लोगों की कतार लगी रहीं।
इसके साथ ही सरकारी कार्यालयों में भी बुधवार को लोगों की भीड़ उमड़ी। शिकायतों के निस्तारण के लिए फरियादियों ने अफसरों को प्रार्थना पत्र दिए। वहीं कार्यालयों में भी चहल कदमी नजर आई। कलक्ट्रेट, विकास भवन, तहसील समेत तमाम प्रशासनिक कार्यालयों में बुुधवार को कार्य होने के चलते फरियादियों का तांता लगा रहा। उधर, स्कूलों में भी रौनक लौट आई।
चार दिन बाद खुले बैंक, ग्राहकों की लगी कतार
कासगंज। पंच दिवसीय दीपोत्सव के समापन के बाद बुधवार को जिले के सभी बैंक खुल गए। बैंक खुलते ही लोगों की कतारें लगीं। लोगों ने बैंकों में पहुंचकर अपने कार्य निपटाए। एटीएम भी त्योहार के चलते खाली हो गए थे जिससे धन निकासी की समस्या हो गई। चार दिन के बाद बुधवार को अवकाश खत्म होते ही सभी बैंकखुले। जिन लोगों को बैंकों में अपने धन जमा करने या निकासी करनी थी वो सुबह से ही कतार लगाए रहे। उन्होंने बैंकों में कामकाज निपटाए। व्यापारियों ने भी बैंक में अपने चेक लगाए। इसके साथ ही नेफ्ट बैंकिंग से लेनदेन किया। जिससे बैंकों में काफी भीड़ हो गई। बैंक खुलने के साथ ही एटीएम में भी धन की व्यवस्था हो गई।