कैंट स्टेशन पर यात्री द्वारा खुद को घायल किए जाने से रोकते टिकट निरीक्षक
- फोटो : अमर उजाला
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक यात्री ने वीआईपी लाउंज का शीशा तोड़कर खुद को लहूलुहान कर लिया। इसी दरम्यान डिप्टी सीटीआई केके शर्मा ने अपने साथियों के साथ यात्री को किसी तरह पकड़ा। प्राथमिक उपचार के बाद रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से प्लेटफार्म से पर अफरा तफरी मच गई।
आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर स्वच्छता पखवाड़े के तहत दोपहर 12:30 बजे नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जा रहा था। प्लेटफार्म पर भीड़ थी। इसी बीच एक यात्री ने प्लेटफार्म के वीआईपी लाउंज की कांच की खिड़की पर मुक्के मारकर शीशा तोड़ दिया। इसके बाद कांच लेकर खुद को मारना शुरू कर दिया।
किसी यात्री ने उसे पकड़ने की हिम्मत नहीं दिखाई। टिकट निरीक्षक केके शर्मा व उनके साथी राशिद ने यात्री के हाथ से कांच छीनकर किसी तरह उसे बचाया। घटना से प्लेटफार्म पर अफरा तफरी मच गई। घायल यात्री का खून बहने से रोकने के लिए प्राथमिक उपचार किया गया, इसके बाद रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया।