आगरा में बैंड बुकिंग के बहाने बुलाकर युवकों ने संचालक की सरेआम पिटाई कर दी और 20 हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
आगरा के थाना जगदीशपुरा के बोदला-सिकंदरा सड़क पर बैंड संचालक को बुकिंग के बहाने बुलाकर युवकों ने बुरी तरह पीट दिया। पीड़ित ने गल्ले में रखे रुपये और मोबाइल छीन ले जाने का आरोप लगाया है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
विज्ञापन
तोता का ताल के कारवां गली निवासी रूप किशोर शिव शक्ति बैंड संचालित करते हैं। उन्होंने बोदला-सिकंदरा सड़क पर बैंड का ऑफिस बनाया हुआ है। पीड़ित ने बताया कि शुक्रवार को उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने शादी के लिए बैंड बुक कराने के लिए कहा। वह बातचीत करने के लिए अपने ऑफिस पहुंचे। दुकान का शटर उठाने के दौरान ही वहां सात से आठ लोग पहुंच गए और मारपीट करने लगे। युवकों ने उन्हें सड़क पर गिरा कर पीटा।
आरोपी गल्ले में रखे हनुमान जयंती कार्यक्रम में काम के 20 हजार रुपये और उनका मोबाइल ले गए। उनमें से एक युवक को उसके साथी हिमांशु निवासी अमरपुरा बता रहे थे। मारपीट का किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपियों के बारे में पता किया जा रहा है।