एटा में तीन दिन के अवकाश के बाद बुधवार को बैंक खुले तो ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। बैंकों में लेनदेन के लिए ग्राहकों की लंबी लाइन लग गईं। शहर के कचहरी रोड पर आईडीबीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और कैनरा बैंक में लंबी लंबी कतार देखने को मिली। सुबह बैंक खुलने से पहले ही लोग पहुंचना शुरू हो गए।
रविवार के बाद दो दिन नवमी व दशहरे के पर्व के कारण शहर के बैंक बंद थे। इसी के चलते बुधवार को बैंकों में लंबी लाइनें लग गईं। सबसे बुुरा हाल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का था। वहां पर लेनदेन के लिए ग्राहकों की लंबी कतारें लगीं थीं।
बैंकों के आधे कर्मचारी छुट्टी पर थे। जिससे ग्राहकों को रुपया निकालने में दिक्कत आ रही थी। पासबुक एंट्री कराने वाली मशीन खराब पड़ी थी, काउंटर नंबर एक और दो खाली थे। जिससे लोगों को पासबुक में एंट्री कराने में समस्या का सामना करना पड़ा।
तीन दिन तक शहर के किसी भी एटीएम में रुपया नहीं था। तीन दिन से रुपये लेने के लिए पूरे शहर के एटीएम के चक्कर लगा दिये। लेकिन रुपया कहीं नहीं मिला।- सुमित, आईडीबीआई एटीएम के बाहर खड़ा ग्राहक
पासबुक में एंट्री कराने के लिए सुबह से लाइन में खड़े हैं, करीब बारह बजे मशीन को बैंक कर्मियों ने ठीक किया।- भूपेश, एसबीआई बैंक का ग्राहक
पिछले पंद्रह दिन से नई पासबुक लेने के लिए बैंक के चक्कर काट रहे हैं अभी तक नहीं मिली है।- सत्यपाल सिंह, एसबीआई का ग्राहक
बच्चों को दवाई दिलवाने के लिए पैसे निकालने आए हैं लेकिन बैंक में दो नंबर काउंटर हमेशा खाली रहता है। - मीना, एसबीआई ग्राहक
वायरल बुखार आने की वजह से हमारे बैंककर्मी केशव, सरिता, दीपेंद्र छुट्टी पर हैं जिससे स्टाफ में कमी है। जल्दी ही स्टाफ वापस आ जाएगा तो काम सुचारू हो जाएगा।- विवेक प्रकाश, मुख्य प्रबंधक, एसबीआई